उन्नाव : बोर्ड बैठक और विकास कार्य न होने पर भड़के सभासद
उन्नाव, अमृत विचार। नगर पालिका गंगाघाट क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में विकास कार्य नहीं हो पा रहा है। वहीं पूर्व में हुई बोर्ड बैठक के दौरान विकास कार्यों की अभी तक ई टेंडरिंग तक नहीं हो सकी। इसके साथ ही बोर्ड बैठक की मीटिंग भी नहीं हो पा रही है। इसी से गुस्साएं सभासद बुधवार नगर पालिका गंगाघाट कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गये। ईओ सभासदों को समझाने में जुटे रहे लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी।
बता दे नगर पालिका गंगाघाट में होने वाले विकास कार्यों को लेकर पालिका में बोर्ड बैठक होनी थी। जिस पर पालिका प्रशासन की ओर से दो बार मौखिक तारीख दी गई, लेकिन बैठक को आगे स्थगित कर दिया गया। बुधावार दोपहर सभासद योगेश मिश्रा, बब्लू शुक्ला, प्रद्युम्न मिश्रा, अशोक सविता के अलावा अन्य सभासद और उनके प्रतिनिधि पालिका पहुंचे और सभी धरने पर बैठ गये।
सभासदों का आरोप है कि पालिकाध्यक्ष अपने कार्यालय पर नहीं आ रहीं हैं अंदर ही अंदर बंदरबांट हो रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में सभी विकास कार्य रूके हुये हैं। बोर्ड बैठक की मीटिंग की तारीख भी हर बार स्थगित कर दी जा रही है। क्षेत्र की समस्याएं जनता उनसे बता रही हैं और जनता की बातें भी सुननी पड़ रही है। पालिका में कार्यरत कर्मचारियों को सैलरी भी नहीं मिल पा रही है। इससे आक्रोशित होकर ही सभी धरने पर बैठे हैं । इस बावत ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बोर्ड मीटिंग को लेकर सभासद धरना दे रहे हैं। मौखिक रूप से मीटिंग की तारीख दी गई थी लेकिन त्योहार के कारण मीटिंग नहीं हो पाई है। जल्द ही कराई जायेगी। बारिश होने के कारण सड़क निर्माण जैसे कार्य नहीं हो पा रहे हैं। जल्द ही कार्य कराये जायेंगे। सभासदों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। पालिकाध्यक्ष कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी हुई है लेकिन तोड़फोड़ किसने की है इसकी जानकारी अभी उन्हें नहीं है।
यह भी पढ़ें : बहराइच : रुपईडीहा डिपो को जल्द मिलेंगे नई बसें
