प्रतापगढ़ : बहनों ने भाई की कलाई पर बांधी प्यार की डोर
प्रतापगढ़, अमृत विचार। बहन - भाई के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन बुधवार को उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी व माथे पर तिलक लगाया। प्यार व सुरक्षा की डोर बांध कर दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन पर्व को लेकर बहन ही नहीं भाइयों में भी उत्साह दिखा। मुहूर्त के अनुरूप बहनों ने राखी बांधी। गुरुवार को भी रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। प्रतापगढ़ विकास परिषद ब शिवम फाउंडेशन के संयुक्त संयोजन में बहन सम्मान उत्सव का आयोजन निजी रिसॉर्ट में किया गया। सदर विधायक राजेन्द्र मौर्य ने कहा कि यत्र नारिस्यतु पूज्यंते रमंते तत्र देवता के भाव से ओत प्रोत भारत की माटी का कण कण पश्चिमी सभ्यता के अथक प्रयासों के बाद भी अनंत काल तक चरितार्थ रहेगा। बहन सम्मान उत्सव स्नेह, सम्मान और शिष्टाचार का प्रमाण है।

स्वास्थ्य विभाग की आशा, सीएचओ., संगिनी, एकल विद्यालय की अध्यापिकाएं, छात्राओं, दैनिक वेतन भोगी महिला श्रमिक बहनों ने पारंपरिक तरीके से विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य व भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र को रक्षा सूत्र बांधा। विधायक ने मिष्ठान खिलाकर उपहार स्वरूप वस्त्र भेंट किया। फाउंडेशन के महासचिव शिवम जायसवाल ने सभी के प्रति आभार जताया। संचालन दिनेश तिवारी ने किया। भाजपा प्रवक्ता राघवेन्द्र शुक्ल, विजय कुमार मौर्य, जिला मंत्री रामजी मिश्र,मृदुल गुप्ता, आनन्द सिंह शिल्पी,सुमन देवी, अध्यापिका दीपा, नीलम, उर्मिला देवी, उमा देवी, खुशी गौड़, मुस्कान यादव, महावीर पाल, मनोज कुमार, अखिलेश कुमार, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
सांसद,एसपी और सीओ को छात्राओं ने बांधी राखी
निजी स्कूल की छात्राओं ने सांसद संगम लाल गुप्ता और एसपी सतपाल अंतिल की कलाई पर राखी बांधी। इसके अलावा अन्य स्कूल की छात्राओं और महिला शिक्षकों ने सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता और सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता को रक्षासूत्र बांधा और एक आकर्षक राखी भेंट की। सीओ दम्पत्ति ने सभी का मुंह मीठा कराकर सुरक्षा का भरोसा दिया और उपहार भेंट किए।
प्रमोद व मोना ने की मंगलकामना
रामपुर खास विधायक एवं कांग्रेस विधानमंण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना व राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने रक्षाबंधन पर लोगों को शुभकामनाएं दी है। प्रमोद तिवारी एवं आराधना मिश्रा मोना ने भाई बहन के रिश्ते में रक्षाबंधन को हिंदू धर्म का विशेष पर्व कहा है। नेता द्वय ने कहा कि इस पर्व पर बहन भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई के दीर्घजीवन तथा सुख समृद्वि की कामना करती है। भाई बहन को रक्षा का पवित्र वचन देता है। यह बयान मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने जारी किया है।
वहीं एक निजी स्कूल की छात्राओं ने बुधवार को राखी बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें छात्र - छात्राओं ने आकर्षक राखी बनाकर प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में प्राची,सोनी, आद्विता,शान्वी अपने वर्ग में अव्वल रही। आराध्या, आस्था, दिव्यांशी द्वितीय जबकि आस्था,उत्कर्ष,आर्यन तीसरे स्थान पर रहे। प्रियंका सिंह,आरती सिंह,श्रद्धा मिश्रा,रैना सिंह,निशा सिंह निर्णायक रही। प्रिंसिपल दीपा सिंह ने रक्षाबंधन पर्व का महत्व बताते हुए बच्चों को शुभकामनाएं दी। इसके बाद छात्राओं ने छात्रों को रक्षासूत्र बांधा।
यह भी पढ़ें : PCS J Result 2022 : उत्तर प्रदेश पीसीएस जे का परिणाम घोषित, 302 अभ्यर्थी चयनित
