हरदोई: सड़क हादसों में मासूम समेत दो की मौत, एक जख्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। बहनोई के साथ उसकी मां को मामा के घर छोड़ कर वापस लौट रहा साला हादसे का शिकार हो गया। बिलग्राम रोड पर केन्द्रीय विद्यालय के सामने हुए हादसे में साले की मौत हो गई, जबकि बहनोई जख्मी हो गया। आमने-सामने बाइक भिड़ने से दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी भी जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है।

बताया गया है कि फिरोज़ाबाद निवासी 30 वर्षीय दीपक पुत्र महिपाल सिंह कन्नौज ज़िले के केशवापुर में अपनी बहन के यहां रह रहा था। गुरुवार को दीपक अपने रिश्ते के बहनोई 28 वर्षीय रचित पुत्र श्याम बाबू निवासी जेबा ज़िला कन्नौज के साथ उसकी मां को छोड़ने अपने मामा रामकिशोर के घर पिहानी कोतवाली के पब्कारपुर आया हुआ था। वहीं से दोनों साले-बहनोई बाइक से वापस लौट रहे थे। 

इसी दौरान रास्ते में बिलग्राम रोड पर केन्द्रीय विद्यालय के सामने रचित की बाइक उधर से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई। इस हादसे में साले दीपक की मौत हो गई। जबकि बहनोई रचित बुरी तरह ज़ख्मी हो गया। उधर दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी के भी ज़ख्मी होने की बात कही जा रही है। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

ननिहाल जा रहे मासूम की सड़क हादसे में मौत

पिहानी। रक्षाबंधन पर अपने मां-बाप के साथ ननिहाल जा रहे मासूम की कार से कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस बुधवार की रात को पिहानी कोतवाली के मंसूर नगर के पास हुए हादसे की जांच कर रही है। बताया गया है कि साण्डी थाने के खेरवा अमजदपुर निवासी कमल किशोर बुधवार को पत्नी गुड्डी देवी को साथ ले कर अपनी ससुराल पिहानी कोतवाली के कुल्लहौरा वाजिदपुर जा रहा था। साथ में कमल किशोर का तीन वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और गुड्डी देवी की गोद में 6 महीने का मासूम था। 

बताते हैं कि कमल किशोर रास्ते में मंसूर नगर के पास रुक गया। अंकित भी पास खड़ा हुआ था। उसी बीच एक तेज़ रफ्तार कार ने अंकित को टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। जिससे उस मासूम की वहीं पर दर्दनाक मौत हो गई। इसी बीच चालक कार ले कर वहां से भाग निकला। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

भैंसटा नदी में युवक डूबा,7 घंटे बाद भी ढूंढे नहीं मिले गोताखोर

बछड़े को भैसटा नदी में नहला रहा युवक अचानक गहराई में जाने से उसमें डूब गया। इसका पता होते ही वहां काफी लोगों की भीड़ लग गई। पता होते ही पुलिस भी पहुंची। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। लेकिन 7 घंटे बीतने के बाद भी वहां गोताखोर नहीं पहुंच सके थे। वहां पुलिस बैठी उनकी राह देखती रही। गांव में हाहाकार मचा हुआ है।

बताया गया है कि कोतवाली देहात के इटौली गांव निवासी 30 वर्षीय झंकार सिंह पुत्र नन्हे सिंह गुरुवार की दोपहर को अपने बछड़े को वहीं पास से निकली भैंसटा नदी में नहला रहा था, कुछ दूरी पर नारी का साग लगा था। झंकार उसे तोड़ने पहुंचा,तभी वह गहरे पानी में डूब गया। इसका पता होते ही वहां समूचा गांव इकट्ठा हो गया, पुलिस ने पहुंच कर युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया, लेकिन देर शाम तक गोताखोर वहां नहीं पहुंच सके थे। पुलिस उनकी राह देखती रही। खबर लिखे जाने तक नदी के आस-पास गांव वालों की भीड़ लगी हुई थी।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : विपक्षी दलों के गठबंधन पर बोले ब्रजेश पाठक, कहा- भ्रष्टाचार में डूबे और सत्ता के भूखे लोगों का समूह

संबंधित समाचार