Etawah News: सफारी पार्क में रेस्क्यू करके लाए गए तेंदुआ की मौत, पांच दिन पहले ही बिजनौर से लाया गया था
इटावा सफारी पार्क में रेस्क्यू करके लाए गए तेंदुआ की मौत।
इटावा सफारी पार्क में रेस्क्यू करके लाए गए तेंदुआ की मौत हो गई। पांच दिन पहले ही बिजनौर से सफारी लाया गया था।
इटावा, अमृत विचार। इटावा सफारी पार्क में 27 अगस्त को बिजनौर से रेस्क्यू करके लाए गए तेंदुआ की गुरुवार की रात को मौत हो गई। सफारी प्रशासन का कहना है कि इस तेंदुआ को फिट्स दौरे आने लगे, जयपुर व कानपुर से आए डाक्टरों ने इसका इलाज किया लेकिन उसे बचाया नही जा सका। हालांकि जब इस तेंदुआ को इटावा सफारी लाया गया तब सफारी के डाक्टर ने इसे स्वस्थ बताया था।
सामाजिक वानिकी प्रभाग बिजनौर के नगीना रेंज के गांव दयालपुरा से 26/27 अगस्त की रात में रेस्क्यू करके इटावा सफारी पार्क में एक तेंदुआ लाया गया था। बिजनौर से रेस्क्यू कर लाया गया तेन्दुआ पूर्ण वयस्क था। उस समय सफारी के पशु चिकित्सक ने इसका शारीरिक परीक्षण करके स्वस्थ पाया गया था। सफारी प्रशासन ने बताया कि रेस्क्यू कर लाये गये तेन्दुआ की सघन निगरानी व देखभाल सफारी के डा. रॉबिन यादव कर रहे थे।
इसी दौरान 30 अगस्त को अपरान्ह 4.15 बजे से इस तेन्दुआ को फिट्स आने लगे। तेन्दुआ के जंगली होने के कारण न्यूरो की जटिलता होने की आशंका को देखते हुए सघन चिकित्सकीय उपचार ज यपुर प्राणि उद्यान के पशु चिकित्सक डा. अरविन्द माथुर, कानपुर प्राणि उद्यान के पशु चिकित्सक मो. नासिर तथा इटावा सफारी पार्क के पशु चिकित्सक डा. रॉबिन सिंह यादव ने इसका इलाज किया लेकिन इलाज के बावजूद इस नर रेस्क्यू तेन्दुआ की 31 अगस्त को रात 8.50 बजे पर मृत्यु हो गयी।
सफारी की डायरेक्टर दीक्षा भंडारी ने बताया कि यह तेन्दुआ जंगल से रेस्क्यू कर लाया गया था। इसलिए वन्यजीव चिकित्सों के सुझाव पर तेन्दुए के शव को आईवीआरआई बरेली में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
19 अगस्त को एक रेस्क्यू तेंदुआ की हो चुकी है मौत
बिजनौर से ही पिछले महीने 12 अगस्त को एक तेदुंआ बिजनौर से रेस्क्यू करके लाया गया था। उसकी भी 19 अगस्त को मौत हो गई थी। बताया गया था कि रेस्क्यू के दौरान उसके चोट आई थी और अंदरुनी चोटों के कारण ही उसकी मौत हो गई। उसके बाद बिजनौर से रेस्क्यू किए गए एक और तेंदुआ को सफारी में लाया गया था और गुरुवार की रात को उसकी भी मौत हो गई।
