घोसी उपचुनाव देश को देगा बड़ा संदेश: अतुल कुमार अंजान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आजमगढ़/मऊ। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में मऊ जनपद के घोसी विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव का परिणाम देश की राजनीतिक दशा व दशा तय करेगा। यह चुनाव एक बड़ा संदेश देने जा रहा है। आगामी 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस उपचुनाव का परिणाम काफी महत्व रखेगा।

घोसी विधानसभा उपचुनाव में आईएनडीआईए गठबंधन के तरफ से सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह के पक्ष में जनसंपर्क व चुनाव प्रचार करने आए श्री अंजान ने यूनीवार्ता से विशेष बातचीत के दौरान कहा कि इस चुनाव में केवल प्रदेश ही नहीं बल्कि केंद्र सरकार की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। यह पहला चुनाव जहां उपमुख्यमंत्री, 30 से अधिक कैबिनेट मंत्री और सैकड़ो की संख्या में विधायक लगातार प्रवास कर प्रचार ही नहीं कर रहे बल्कि चुनाव की आचार संहिता का माखौल उड़ा रहे हैं।

लगातार दर्जनों गाड़ियों की काफिले के साथ चल रहे भाजपा के मंत्री, उपमुख्यमंत्री जनसंपर्क व जनसभाएं कर रहे हैं जबकि चुनाव आयोग आंख मूंदकर चुप पड़ा हुआ है। जनता सब तमाशा देख रही है। इस उपचुनाव में आवाम सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को चुनाव जीतकर योगी व मोदी सरकार की ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम करेगी।


उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक चरित्रहीनता पर उतर आई है। घोसी चुनाव 1990 के उप चुनाव की स्थिति स्पष्ट कर रहा है। जब उस समय के मुख्यमंत्री टीएन सिंह उपचुनाव में विधानसभा के प्रत्याशी थे, जिन्हें गोरखपुर जनपद के चिल्लूपार विधानसभा से पराजय का सामना करना पड़ा जबकि सारी राजनीतिक शक्ति उनके साथ थी। ऐसे में पुनः घोसी में कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिल रहा है।

केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि मोदी सरकार में संसदीय नीतियों को खत्म किया जा रहा है। जब देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू द्वारा अधिसूचना की घोषणा की जा रही है, उसके तीन दिन पूर्व ही संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी द्वारा ट्वीट किया जा रहा है कि विशेष सत्र बुलाया जाए रहा है। ऐसे में जो काम राष्ट्रपति को करना चाहिए उसके तीन दिन पूर्व ही संसदीय कार्य मंत्री द्वारा ट्वीट कर दिया जा रहा है। जो बता रहा है कि संसदीय नीतियों की मान्यता तारतार हो रही है।

यह भी पढ़ें : Asia Cup 2023 : एशिया कप पर बारिश का साया, कोलंबो में होने वाले मुकाबले इस स्टेडियम में होंगे शिफ्ट!

संबंधित समाचार