सुल्तानपुर : महीनों बाद घर लौटे युवक की करंट लगने से मौत
जयसिंहपुर/ सुल्तानपुर, अमृत विचार। दिल में अरमान लिए घर पहुंचा युवक करंट की चपेट में आने से झुलस गया। परिजन युवक को सीएचसी ले गए जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भिदूरा गांव निवासी आकाश शर्मा 22वर्ष पुत्र स्व राज बहादुर परिवार के भरण पोषण के लिए मुम्बई में रहता था। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे वह मुंबई से घर पहुंचा तो कपड़े उतार हाथ पैर धोने जा रहा था। इसी बीच वह करंट की चपेट में आने से झुलस गया। परिजन झुलसे युवक को जयसिंहपुर सीएचसी ले गए। जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित करते हुए स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सात माह में ही उजड़ गया गुंजन का सुहाग
बताते चलें कि अभी बीते 9 फरवरी को ही मृतक युवक आकाश शर्मा का विवाह मोतिगरपुर थाना क्षेत्र पेमापुर गांव निवासी रामजी शर्मा की पुत्री गुंजन के साथ हुआ था। विवाह के सात माह भी नहीं बीते थे कि अचानक गुंजन का सुहाग उजड़ गया। पति के मौत की खबर सुनते ही गुंजन का रो रोकर बुरा हाल है। बार बार बेहोश हो जा रही है।
ये भी पढ़ें -विनय हत्याकांड : आज परिजन कर सकते हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस, कौशल किशोर के बेटे से हुई थी पूछताछ
