Chitrakoot: दस साल में कनेक्शन तो लाखों हुए पर नहीं बढ़ा स्टाफ, विद्युत व्यवस्था सुधार गोष्ठी में हुई समस्याओं पर चर्चा
चित्रकूट में दस साल में कनेक्शन तो लाखों हुए पर नहीं बढ़ा स्टाफ।
चित्रकूट में विद्युत व्यवस्था सुधार गोष्ठी में समस्याओं पर चर्चा हुई। इस मौके पर अभियंताओं ने मैनपावर की कमी की ओर भी अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
चित्रकूट, अमत विचार। मुख्य अभियंता विद्युत बांदा क्षेत्र सुनील कपूर ने विभागीय जिम्मेदारों से कहा कि वे उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने पर ध्यान दें। इस मौके पर अभियंताओं ने मैनपावर की कमी की ओर भी अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। कहा कि सौभाग्य योजना के तहत लाखों कनेक्शन तो दे दिए गए पर स्टाफ की व्यवस्था नहीं की गई।
शनिवार को आरोग्यधाम में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के तत्वाधान में विद्युत व्यवस्था सुधार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा के अवर अभियंता एवं प्रोन्नत अभियंता संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। इसमें उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युतापूर्ति में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का जिक्र किया गया।
राज्य एवं केंद्र सरकारों द्वारा व्यवस्था में सुधार के लिए लागू की गई योजनाओं के वाणिज्यिक, तकनीकी तथा व्यावहारिक बिंदुओं पर भी विचार विमर्श किया गया। वक्ताओं ने न्यूनतम लाइनलास आदि को कम करने के उपायों पर भी चर्चा की। मुख्य अभियंता ने राजस्व वसूली में आ रही समस्याओं को देखते हुए सरकार और प्रशासन को सहयोग देने की बात कही।
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के केंद्रीय महासचिव जीबी पटेल ने सब स्टेशनों पर मैनपावर की समस्या बताई। बताया कि प्रत्येक उपकेंद्र पर उनकी आवश्यकता के अनुसार मैनपॉवर नहीं है। अन्य सदस्यों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से नेताओं को अवगत कराया।
ये लोग रहे प्रमुख रूप से मौजूद
बैठक में मुख्य अभियंता ट्रांसमिशन झांसी जोन जेपीएन सिंह, राज्य विद्युत परिषद जूनियर संगठन के अंचल संरक्षक डीसी शर्मा, आल इंडिया फेडरेशन ऑफ पावर डिप्लोमा इंजीनियर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरके त्रिवेदी, राज्य विद्युत परिषद परिषद जूनियर संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश, दक्षिणांचल के अध्यक्ष राजवीर सिंह, बांदा जोन के क्षेत्रीय अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
सही बिल उपलब्ध कराए एजेंसी
क्षेत्रीय सचिव राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन उत्तर प्रदेश राजेश श्रीवास ने बताया कि मुख्य अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे विद्युत बिल समय से जमा करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे बिलिंग एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय से व सही बिल उपलब्ध कराने के लिए आदेशित करें।
