गोंडा: मोक्ष दिलाने के नाम पर ज्योतिषी ने पंजाब की महिला से हड़प लिए 58 लाख, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा, अमृत विचार। तंत्रमंत्र और ज्योतिष के दुरुपयोग का एक वीभत्स स्वरूप सामने आया है। गुरु मां बनाने तथा मोक्ष दिलाने के नाम पर पंजाब की एक महिला से गोंडा के जालसाज ने 58 लाख रुपए हड़प लिए। जब इससे भी पेट नहीं भरा तो तथाकथित जालसाल ने महिला से भीख भी मंगवाया और वह पैसा भी अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

पूरी तरह से लुट जाने के बाद महिला की मौत हो गई लेकिन उसकी छोटी बहन ने इस मामले का खुलासा करते हुए इटियाथोक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। गौरतलब हो कि उक्त महिला व शिकायत करने वाली महिला दोनों सगी बहने हैं और उसके पिता सेना में कर्नल थे। माता पिता की मौत के बाद महिला ने विवाह नहीं किया था और उक्त जालसाज के झांसे में आकर पैसा और जिंदगी दोनों गंवा दी।

जिले के इटियाथोक इलाके में एक तथाकथित ज्योतिषी की करतूत सुनकर तंत्रमंत्र व ज्योतिष के दुरुपयोग का वीभत्स चेहरा सामने आया है। बताया जाता है कि इटियाथोक थाना क्षेत्र के कठौवा गांव निवासी पंकज तिवारी गोंडा और अयोध्या में ज्योतिष का तथाकथित संस्थान चलाता है। इस धंधे में कितने लोग लपेट में आए हैं यह तो पुलिस की जांच से पता चलेगा लेकिन जो हैरान करने वाली घटना सामने आई है उससे सुनने वाले भी दांतों तले अंगुली दबा रहे हैं।

महिला की बहन आभा आनंद गांधीनगर गुजरात ने इटियाथोक थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह दो बहने हैं। उसकी बड़ी बहन जालंधर पंजाब में रहती थी। वह 62 वर्ष की थी और विवाह नहीं किया था। उसने बताया कि उसकी शादी गुजरात में हो गई। आभा का आरोप है कि पंडित पंकज तिवारी नामक व्यक्ति ने उनकी बड़ी बहन को तंत्रमंत्र और ज्योतिष का झांसा देकर उसे पूरी तरह अपने वश में कर लिया।

महिला की छोटी बहन का आरोप है कि कथित ज्योतिषाचार्य ने उसकी बड़ी बहन के खाते से करीब 40 लाख रुपए अपने विभिन्न खाते में ट्रांसफर करवा लिए। उसने यह राज किसी से बताने से मना भी किया था। इसलिए बहन ने उससे भी कोई राज नहीं बताया। बहन आभा आनंद ने बताया कि उसकी शादी हो चुकी है। वह अपने परिवार के साथ गुजरात में रहती है। उनकी बहन पंजाब प्रांत के जालंधर में रहती थी। उसकी उम्र 62 वर्ष थी और अविवाहित थी।

आरोप लगाया है कि वह अपनी बड़ी बहन के पास 5 दिसंबर 2022 व फरवरी 2023 के बीच कई बार गई। पिता आर्मी में कर्नल थे। माता पिता की मौत के बाद वह घर पर अकेले रह रही थी। उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। इसका कारण जानना चाहा तो उसने कुछ भी नहीं बताया। बहन को गुजरात के गांधीनगर साथ में चलने को कहा तो वह चलने को तैयार नहीं हुई। 16 अप्रैल 2023 को उसने अंतिम बार फोन किया और कहा कि तबियत बहुत खराब है। कुछ खा पी नहीं रही है और हजम नहीं हो रहा है। उसके बाद रोने लगी। उसे डाक्टर को दिखाने की सलाह दी।

डाक्टर को दिखाया तो वह कुछ ठीक हो गई। उसके दूसरे दिन नौकर ने फोन कर बताया कि उसकी तबियत बहुत खराब है। 17 अप्रैल को वह अस्पताल में भर्ती हुई और दो बजे उसकी मौत हो गई। नौकर ने फोन कर बताया कि बहन की मौत हो गई है। 18 अप्रैल को घर पहुंच करअंतिम संस्कार कराया। घर की सफाई के दौरान उसे 200 से अधिक बैंक की जमा पर्चियां मिलीं। जिसमें बड़ी बहन ने समस्त धनराशि पंडित पंकज तिवारी के विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराई गई थी।  पुलिस को दिए गए तहरीर में कहा गया है कि ज्योतिषार्चाय का संस्थान एक गोंडा व दूसरा अयोध्या में चलता है।

पंडित पकंज तिवारी ने धोखे से बहन को गुरु मां बनाने और मोक्ष की ओर ले जाने का झूठा वादा कर समस्त धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। इसके कारण बहन की मौत हो गई। मृत्यु के बाद भी पंडित ने बहन के पास फोन किया था। हद तो तब हो गई जब ज्योतिषाचार्य ने कहा कि अब तुम पूरे दिन भिक्षा मांगों और जितना पैसा इकट्ठा हो उसके खाते में भेज दिया करो। अब मोक्ष के करीब पहुंच गए हैं। उसकी छोटी बहन ने बताया कि उसने यह भी किया और 100 रुपए भिक्षा मांग कर भी दिए। इटियाथोक के थाना प्रभारी संतोष कुमार सरोज ने बताया कि महिला आभा आनंद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जालसाज की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें -हरदोई में जानलेवा बुखार से एक और मौत, अब तक 5 की गई जान

संबंधित समाचार