Etawah: युवक व युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, क्षत-विक्षत पड़े मिले शव, प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
इटावा में युवक व युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान।
इटावा में युवक व युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला बताया जा रहा है।
इटावा, अमृत विचार। दिल्ली हावड़ा डाउन रेलवे ट्रैक पर सागर ढाबा के पीछे शनिवार की शाम को युवक व युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव आसपास ही पड़े मिले । युवती की शिनाख्त उसके परिजनों ने कर ली है। जबकि युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
ग्राम बरौलीकला थाना बैदपुरा की रहने वाले तुलसीराम राजपूत की 19 वर्षीय पुत्री रुबी शनिवार सुबह कॉलेज की बात कहकर घर से निकली थी। बाद में वह अपने ताऊ गोविंद सिंह निवासी पचावली रोड इटावा के यहां पहुची, वहां से वह शाम को अपने घर बरौली की बात कहकर चली गई। उसके बाद वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
प्रभारी निरीक्षक मुकेश सोलंकी को शनिवार की रात को सूचना मिली कि सागर होटल के पीछे दो शव पड़े हुए है। इस पर पुलिस फोर्स के साथ वह मौके पर पहुंचे। युवती के पास से आधार कार्ड मिला। जिससे पुलिस ने उसकी शिनाख्त की।
युवती के पिता तुलसीराम लोधी ने उसकी शिनाख्त अपनी पुत्री रूबी के रूप में की। उधर, युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।
