मुरादाबाद : 51560 लाख के प्रस्तावित बजट को नगर निगम कार्यकारिणी की मंजूरी

गृहकर से 3800, जलकर से 2200 लाख रुपये की आय का लक्ष्य, निष्प्रयोज्य सामग्री की बिक्री से जुटाएंगे एक करोड़ रुपये का राजस्व

मुरादाबाद : 51560 लाख के प्रस्तावित बजट को नगर निगम कार्यकारिणी की मंजूरी

मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को महापौर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में पीलीकोठी स्थित शिविर कार्यालय में हुई। इसमें सदस्यों ने सर्वसम्मति से मूल बजट 2023-24 को मंजूरी दी। इसमें विभिन्न स्रोतों से 51,560 लाख रुपये आय का प्रस्ताव किया गया था, जिसे सदस्यों ने स्वीकृति दी। आमदनी के स्रोत में गृहकर से 3800 लाख और जलकर से 2200 लाख रुपये की आय का लक्ष्य तय किया गया है।

बैठक की शुरुआत में नगर निगम कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने नगर निगम को देश में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में दूसरे स्थान पर आने के लिए महापौर और नगर आयुक्त को बधाई दी। महापौर ने इसका श्रेय नगर निगम की पूरी टीम और महानगर की जनता को दिया। इसके बाद प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बिंदुवार चर्चा में आय पक्ष का विवरण नगर निगम के लेखाधिकारी ने रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में आय के मद में 51560 लाख रुपये प्रस्तावित है। जिसमें विभिन्न मदों से आय प्राप्त होगी। 

गृहकर, जलकर के अलावा स्टांप ड्यूटी से 8 करोड़ रुपये राजस्व आएगा।रिक्शा व ऑटो लाइसेंस से एक लाख, खोखा लाइसेंस से 16 लाख, बाइलाज लाइसेंस से 7 लाख रुपये प्राप्त होंगे। निष्प्रयोज्य सामग्री की बिक्री से एक करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। अनुदान और सहायता मद में कॉलोनी हस्तांतरण पर एक मुश्त धनराशि एक लाख, जलनिकासी से एक लाख सहित इस मद में कुल दो लाख मिलेंगे। बैठक में नगर आयुक्त संजय चौहान, एडीएम सिटी ज्योति सिंह, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, जोनल सैनेटरी अधिकारी महेश चंद्र वर्मा, मुख्य अभियंता दिनेश सचान, प्रवर्तन दल के अधिकारी एसके शाही सहित जलकल व विभिन्न अनुभागों के प्रभारी व पटल सहायक मनोज कुमार, जानी, शराफत सहित अन्य कर्मचारी आदि मौजूद रहे।

रोड कटिंग करने वालों से वसूलेंगे पांच करोड़
नगर निगम की सड़कों को खोद कर कार्य करने वाली कार्यदायी संस्थाओं द्वारा उसको फिर उस स्वरूप में न लाने वालों पर सख्ती होगी। रोड कटिंग करने वालों से पांच करोड़ रुपये की धनराशि वसूले जाने का प्रस्ताव है।

वेतन अधिष्ठान व्यय पर खर्च होंगे 18083 लाख
कार्यकारिणी ने व्यय पक्ष पर भी चर्चा की। इसमें वेतन अधिष्ठान व्यय में 18083 लाख रुपये का वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्ताव है। सामान्य प्रशासन पर 348 रुपये खर्च का प्रस्ताव किया गया है। इस मद में आउटसोर्सिंग से तैनात कंप्यूटर आपरेटरों के वेतन पर 81 लाख रुपये खर्च होंगे। सर्वाधिक 5092 लाख रुपये सफाई कर्मचारियों के वेतन भुगतान में खर्च होंगे। जबकि कर्मचारियों के ईपीएफ, एनपीएस एरियर के लिए 2500 लाख रुपये के बजट की व्यवस्था की गई है।

प्रदर्शनी, खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम में 10 लाख का खर्च
नगर निगम की ओर से प्रदर्शनी, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर 10 लाख रुपये का खर्च प्रस्तावित किया गया है। इसके अलावा महापौर का विवेकाधीन कोष 10 लाख रुपये है। निगम के अधीन संचालित स्कूलों के रखरखाव पर 5 लाख रुपये व्यय होंगे।

65 करोड़ से बनेगा निगम का नया भवन, हर वार्ड में 10-10 लाख से होंगे कार्य
कार्यकारिणी ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। नगर आयुक्त ने बताया कि राज्य वित्त में निगम के पास 44 करोड़ रुपये है। इसमें अमृत योजना सहित 25 प्रतिशत का निकाय अंश के रूप में राज्य सरकार को 20 करोड़ भेजे जाएंगे। हर वार्ड में 10 लाख रुपये से कार्य कराने पर 7 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अवस्थापना में 5 करोड़ दिए जाएंगे। 12 करोड़ रुपये में से दो महीने की तनख्वाह में खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नगर निगम का नया भवन बनने में 65 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके लिए 20 करोड़ रुपये आरक्षित किए गए हैं। महापौर ने वार्डों में विकास कार्य के लिए अपने विवेकाधिकार से पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसका कार्यकारिणी के सदस्यों ने स्वागत किया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: कुशांक व श्वेताभ हत्याकांड में मुकदमे का ट्रायल शुरू, कोर्ट में इस दिन होगी आरोपियों की अगली पेशी