बिजनौर: प्यार में धोखा! दहेज न देने पर तीन तलाक और जान से मारने की धमकी, 7 पर रिपोर्ट दर्ज
बिजनौर, अमृत विचार। बिजनौर की रहने वाली एक महिला से दिल्ली निवासी एक युवक ने दुष्कर्म के मुकदमें से बचने के लिए उससे शादी कर ली। जिसके कुछ समय बाद दहेज की मांग करते हुए महिला को तीन तलाक दे दिया। इसको लेकर महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मंगलवार को महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, बिजनौर में हलदौर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बताया कि दिल्ली के गोतमपुर-सीलमपुर निवासी सुहेब अहमद उसके पिता का ममेरा भाई है। जिसे वह पहले से जानती थी और साल 2021 से उसकी फोन पर लगातार बात होती रही। युवती ने बताया कि सुहेब उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। लेकिन युवती शादी से पहले ऐसा करने के लिए राजी नहीं थी। इस बीच 5 जुलाई 2022 को युवती जब देहरादून घूमने गई तो सुहेब से मुलाकात हो गई। जहां से सुहेब उसे मंसूरी लेकर गया और दोनों वहां एक होटल में ठहरे। आरोप है इस दौरान सुहेब ने होटल में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और युवती से कहा कि वह उसके साथ शादी करना चाहता हैं। इसके बाद दोनों वापस दिल्ली लौट गए। वहीं कुछ दिनों बाद 17 जुलाई को सुहेब आबूधाबी चला गया।
इधर, युवती जब गर्भवती हो गई तो वह सुहेब पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। इस बीच सुहेब ने आबू धाबी से वापस लौटकर 9 सितंबर को परिजनों को बताए बगैर युवती से शादी कर ली। वहीं अगले दिन 10 सितंबर को सुहेब फिर वापस आबू धाबी लौट गया। लेकिन जब विवाहिता ने उसके साथ चलने को कहा तो वह लगातार यह कहकर टालता रहा कि अगले महीने घर वालों को अपनी शादी के बारे में बताकर उसे साथ ले जाएगा। लेकिन कुछ महीने बाद विवाहिता को पता चला कि सुहेब की दूसरी शादी तय हो गई है। महिला ने सुहेब से इसके बारे में जब पूछा तो उसने इनकार कर दिया।
वहीं इस मामले को लेकर महिला ने उस पर जब दबाव बनाया तो सुहेब ने बताया कि उसने दोनों की शादी के बारे में अपने मामा और बहन को बता दिया है। लेकिन वह कह रहे है तुम कार और 20 तोला सोना दोगी, तभी वह घर वालों से बात कर सकता है। जिस पर विवाहिता ने इनकार कर दिया। इसके बाद सोहेल ने तीन तलाक देकर अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। इस बीच महिला जब थक-हार कर सुहेल के परिजनों को मनाने के लिए मिलने पहुंची, तो आरोप है कि उसे धक्का मारकर भगा दिया गया, साथ ही पीछा न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद पीड़ित महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोपी सोहेल और उसके माता-पिता समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं इस मामले में पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें - बिजनौर: चाकू मार कर युवक की हत्या, युवती से कोर्ट मैरिज के बाद नाराज थे ससुराल वाले
