Kanpur News: दादानगर समानांतर पुल का निर्माण शुरू, पांच लाख से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में दादानगर समानांतर पुल का निर्माण शुरू।
कानपुर में दादानगर समानांतर पुल का निर्माण शुरू हो गया। साईं डेवलपर निर्माण कंपनी ने काम शुरू किया। टू लेन पुल बन जाने से पांच लाख से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा।
कानपुर, अमृत विचार। शहर के उत्तर और दक्षिणी इलाके को जोड़ने वाले दादानगर पुल के समानांतर पुल बनाने का कार्य शुक्रवार को शुरू हो गया। इस टू लेन पुल बन जाने से पांच लाख से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। पुल निर्माण का कार्य साईं डेवलपर को दी गई है। पुल निर्माण के जल निगम की ओर से सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
फिलहाल कार्यदायी कंपनी ने पिलर बनाने के लिए खोदाई का काम शुरू कर दिया है। माह के अंत तक पिलर ढालने का काम शुरू हो जाएगा। इस पुल का उपयोग विजय नगर से सीटीआई की ओर जाने के लिए किया जाएगा। वर्तमान पुल का उपयोग सीटीआई से आने के लिए किया जाता है।
दादानगर क्रासिंग दिल्ली- हावड़ा रूट पर स्थित है। इस वजह से हर दिन दो सौ अधिक बार क्रासिंग का फाटक बंद होता है। इससे जाम भी लगता है और कई बार तो लोगों को घंटों यहां फंसना पड़्ता है। इस समस्या के समाधान के लिए ही सपा शासन में यहां फोर लेन पुल की मांग उठी थी, लेकिन तत्कालीन विधायक अजय कपूर के प्रस्ताव पर तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने टू लेन पुल मंजूर कर दिया था।
पुल तो बन गया लेकिन यहां जाम की समस्या समाप्त नहीं हो पायी। इस समस्या के समाधान के लिए ही फिर समानांतर पुल की मांग उठी। पुल मंजूर हुआ और अब काम भी शुरू हो गया है।
जल निगम ने सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू भी कर दिया है। 53.77 करोड़ की लागत से दादा नगर समानांतर पुल का निर्माण होगा। लंबाई 728.70 मीटर व चौड़ाई 7.50 मीटर होगी। निर्माण के लिए सेतु निगम साईं डेवलपर कंपनी को ठेका दिया गया है। दिसंबर 2024 तक समानांतर पुल पर वाहन फर्राटा भरने लगेंगे।
2015 में पहली बार बना था प्रस्ताव
सेतु निर्माण निगम ने दादा नगर समानांतर पुल के निर्माण के लिए 2015 में पहली बार प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन से सहमति के बाद यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड भेजा गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से प्रस्ताव मंजूर नहीं हो पाया था। इसके बाद दोबारा प्रोजेक्ट भेजा गया और अब इसे मंजूरी मिली।
पुल निर्माण शुरू हो गया है। कंपनी को तेजी से काम करने के लिए कहा गया है ताकि निर्धारित समय से काम पूरा हो जाए और शहरवासियों को जाम से राहत मिले।- मिथलेश दुबे, जीएम, सेतु निगम
