Kanpur: कांशीराम अस्पताल में बनेगी हाईटेक लैब, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने किया वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शिलान्यास
कानपुर के कांशीराम अस्पताल में बनेगी हाईटेक लैब।
कानपुर के कांशीराम अस्पताल में हाईटेक लैब बनेगी। जिसका केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शिलान्यास किया।
कानपुर, अमृत विचार। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को वीडियो कान्फेंसिंग के जरिए रामादेवी स्थित कांशीराम संयुक्त अस्पताल में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (आईपीएचएल) का शिलान्यास किया। यह लैब बनने के बाद अस्पताल में कैंसर समेत 90 से अधिक रोगों की जांच कराना संभव हो सकेगा। इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब में अत्याधुनिक मशीनें लगायी जाएंगी। इससे मरीजों को विभिन्न प्रकार की महंगी जांचें कराने के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटर या संस्थानों के लिए नहीं भटकना पड़ेगा।
वर्चुअली आयोजित किए गए कार्यक्रम में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अपर निदेशक डॉ. अंजू दुबे ने कहा कि ‘कर लो स्वास्थ्य अपनी मुट्ठी में ’ की तर्ज पर चिकित्सा क्षेत्र में चौतरफा विकास हो रहा है। लोगों को गुणवत्तापूर्ण जांच व उपचार की सुविधा प्रदान कराने के लिए सरकार पूरा प्रयास कर रही है। इसके साथ ही डिजिटलीकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जांच और इलाज से संबंधित सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। डीएम विशाख जी और सीडीओ सुधीर कुमार के निर्देश में जिला स्तरीय इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब तैयार की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान एसीएमओ डॉ. आरपी मिश्रा, सीएमएस डॉ. स्वदेश गुप्ता, डीपीएम अश्विनी गौतम, जिला मलेरिया अधिकारी एके सिंह समेत अन्य स्वास्थ्य अधिकारी और स्टाफ मौजूद रहा।
कैंसर और अल्जाइमर रोग की जांच भी हो जाएगी उपलब्ध
कांशीराम संयुक्त अस्पताल में कोरोना, डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस, एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम, कालाजार, डायरिया, टाइफायड, हेपेटाइटिस, संचारी रोगों से जुड़ी जरूरी जांचों के साथ ही कैंसर, अल्जाइमर के अलावा सभी प्रकार के गैर संचारी रोगों की 90 से अधिक विभिन्न जांचों की सुविधा लैब बनते ही उपलब्ध हो जाएगी।
