अयोध्या: दो साल में बना केवल एक अमृत सरोवर, 21 फंसे पड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूराबाजार ब्लाक में अमृत सरोवरों के निर्माण का बुरा हाल 

पूराबाजार, अयोध्या, अमृत विचार। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना का यहां बुरा हाल है। यहां करीब दो साल में 22 में से केवल एक अमृत सरोवर ही बन सका है। 22 अमृत सरोवर का निर्माण कार्य जनप्रतिनिधियों के द्वारा शिलान्यास के साथ शुरू हुआ था। उसके बाद मामला ठंडा बस्ते में चला गया। अब पक्के कार्य के बजट का इंतजार करते-करते बरसात हो गई और निर्माण बंद  हो गया।

 दो वर्ष पहले ब्लॉक में 22 अमृत सरोवर का निर्माण शुरू हुआ था। जिसमें केवल एक ग्राम पंचायत सरायराशि का अमृत सरोवर पूर्ण हुआ है। बाकी पर केवल मिट्टी का कार्य हुआ है। पक्के कार्य के लिए धनराशि का इंतजार हो रहा था कि बरसात हो गई। धनराशि के अभाव के चलते निर्माण कार्य बंद हो गया। ब्लॉक के सरेठी, ददेरा, कर्मा कोडरी, नरायनपुर, मित्रसेनपुर, द्वारिकापुर, पिलखवां, रामपुर सरधा, ऐमीआलापुर, सुक्खापुर इटौरा, रसूलाबाद, राजेपुर, अंजना  समाहा कला, चरेरा, सनेथू , गंगौली, नारा, रोशन नगर, जलालुद्दीन नगर, भगवाभीट में निर्माण होना था।

बोले ग्राम पंचायतों के प्रधान 
ग्राम पंचायत अंजना के प्रधान नंदकुमार यादव, जलालुद्दीन नगर के प्रतिनिधि प्रशांत कमल ,प्रधान समाहाकला राजेश, प्रधान ऐमीआलापुर कहते हैं मिट्टी का कार्य मनरेगा से तो हो गया लेकिन पक्के कार्य के लिए बजट ही नहीं है। अमृत सरोवर के निर्माण के लिए 20 लाख रुपए का बजट होना चाहिए। 

कोट - ब्लॉक में 22 अमृतसर सरोवर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। जिसमें एक पूर्ण हुआ है बाकी 21 पर मिट्टी का कार्य हो गया है। बरसात के चलते जल भराव हो गया है इसलिए पक्का कार्य नहीं हो सका है...,धनजीत, एडीओ पंचायत, पूराबाजार अयोध्या।

संबंधित समाचार