बरेली: बीएएमएस छात्रों से उगाही के मामले में पुलिस ने जुटाए सुबूत
विवेचक ने विश्वविद्यालय में जाकर ली जानकारी
बरेली, अमृत विचार। बीएएमएस छात्रों से पास कराने और नंबर बढ़वाने के नाम पर उगाही करने की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। सोमवार को विवेचक ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय में जाकर जांच की और छात्रों द्वारा दी गई शिकायतों, पैसा ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट समेत अन्य सुबूत जुटाए। विश्वविद्यालय की ओर से अब तक 17 छात्रों की शिकायतों की जानकारी दी है। अभी भी छात्र शिकायत लेकर विश्वविद्यालय पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी बरेली के एक आयुर्वेदिक मेडिकल के दो छात्रों ने विश्वविद्यालय में शिकायत की है।
कई छात्रों ने अभी तक इसमें शिकायत भी नहीं की है। इस मामले में साइबर सेल ने जरूरी जानकारी जुटाकर विवेचक को दे दी है। हालांकि रिपोर्ट दर्ज होने के कई दिनों बाद भी पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं करेगी, तब तक पता नहीं चल सकेगा कि उगाही करने वाला कौन है। क्या वह विश्वविद्यालय से जुड़ा हुआ है या नहीं।
ये भी पढे़ं- बरेली: अटल आवासीय विद्यालय के निर्माण में देरी पर ठेकेदार पर 127.92 लाख का जुर्माना
