बहराइच: भाकियू के पूर्व जिला प्रवक्ता ने Video बनाकर आत्महत्या की दी चेतावनी, पुलिस लगाया गंभीर आरोप
जरवल, बहराइच, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पूर्व जिला प्रवक्ता ने कैसरगंज पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व प्रवक्ता ने एक वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी है। पूर्व प्रवक्ता का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के मतरेपुर गांव निवासी पुत्ती लाल यादव भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पूर्व जिला प्रवक्ता है।
बहराइच: भाकियू के पूर्व जिला प्रवक्ता ने वीडियो बनाकर आत्महत्या की दी चेतावनी,
— amrit vichar (@amritvicharlko) September 19, 2023
ग्रामीण ने पुलिस पर कब्जा करवाने और गड्ढा खुदवाने का लगाया आरोप
वीडियो सोशल मीडिया में वायरल pic.twitter.com/i8zHqBd876
पुत्ती लाल यादव की जमीन थाना क्षेत्र के ही रानी बाग में है, जिस पर दुकान बनी हुई है। पूर्व प्रवक्ता ने मंगलवार को एक वीडियो बनाया जिसमें वह कह रहा है कि उसकी दुकान पर कैसरगंज कोतवाली की पुलिस और तहसील प्रशासन ने विपक्षियों को कब्जा करवा दिया है। इतना ही नहीं पुलिस ने परेशान करते हुए उसके घर के बगल में ही गड्ढा जेसीबी से खुदवा दिया है।
कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी पुलिस और प्रशासन द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है साथ ही आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। उसका कहना है कि उसके मौत की जिम्मेदारी कैसरगंज कोतवाली की पुलिस की होगी। इस मामले में कैसरगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अब मामले की जानकारी हुई है, जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: करंट लगने से किशोर की मौत, परिजनों में कोहराम
