आगरा में रेलिंग समेत नीचे गिरी फ्रांस की महिला पर्यटक, नहीं बची जान  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा, अमृत विचार। फतेहपुर सीकरी में फ्रांस की एक महिला पर्यटक 9 फिट की ऊँचाई से लकड़ी के रेलिंग समेत नीचे पत्थर पर गिर पड़ी, इस हादसे में उसकी मौत हो गई। ये दुर्घटना फतेहपुर सीकरी के शाही स्मारक में हुई है।  

शाही स्मारक में बने तुर्की सुल्तान महल के भीतर यह महिला पर्यटक 61 वर्षीय एसमा बेन इलेस फतेहपुर सीकरी के तुर्की सुल्तान महल की खूबसूरती का दीदार कर रही थी। इसी दौरान सीढ़ियों के ऊपर लगी रेलिंग महिला का वजन नहीं संभाल पाई। महिला जर्जर हालत में लगी रेलिंग समेत नीचे गिर गई। मौजूद अन्य साथी पर्यटकों ने इस महिला पर्यटक के मुंह पर पानी डालकर उठाने की कोशिश की लेकिन महिला गंभीर हालत में बेहोश हो गई। महिला के गंभीर होने की सूचना स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को दी गई लेकिन महिला को लेने एंबुलेंस 1 घंटे बाद मौके पर पहुंची। महिला को फतेहपुर सीकरी से आगरा लाया गया यहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। 

घटना के बाद आगरा के जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी व पुलिस के आला अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। महिला के साथ परिजन भी भारत भ्रमण के लिए आए थे । इस हादसे में महिला के साथ दो अन्य पर्यटक भी नीचे गिरे थे जिनको मामूली चोटे आई हैं और उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सूत्रों के मुताबिक पुरातत्व विभाग और पर्यटन विभाग ने महिला की मौत की खबर भारत में बने फ्रांस के दूतावास को दे दी है साथ ही महिला के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि महिला के गंभीर घायल होने की सूचना मिली थी इसके बाद एंबुलेंस के द्वारा महिला को पहले सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज लाया गया यहां से इन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान महिला को मृत घोषित किया गया है। भानु चंद्र गोस्वामी के मुताबिक इस मामले की मजिस्ट्रेटियल जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और जांच कराई जा रही है दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।

ये भी पढ़ें -Akhil Mishra Death : शूटिंग के दौरान दर्दनाक हादसा, आमिर खान की 'थ्री इडियट्स' के एक्टर अखिल मिश्रा की बिल्डिंग से गिरकर हुई मौत

संबंधित समाचार