Farrukhabad: किसानों के नाम पर फाइनेंस कंपनी से 37 लाख रुपये का कराया लोन, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में किसानों के नाम फर्जी लोन कराने वाले दो शातिर गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद में श्री राम फाइनेंस कंपनी से किसानों के नाम पर 37 लाख रुपए से अधिक फर्जी लोन करा दिया गया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। श्री राम फाइनेंस कंपनी से किसानों के नाम पर 37 लाख रुपए से अधिक फर्जी लोन करा दिया गया। लोन जमा न करने पर किसानों पर फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। भाकियू के धरना प्रदर्शन के बाद शातिर युवक, फाइनेंस कंपनी मैंनेजर व एक अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में पुलिस ने दो ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थाना कादरी गेट पर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के जिला संगठन मंत्री डॉ शिशु पाल सिंह राजपूत ने 31 मई को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में श्री राम फाइनेंस कंपनी, उसके फील्ड ऑफिसर व कलेक्शन मैनेजर, सत्यम दुबे, इंडियन ओवरसीज बैंक व आरटीओ फर्रुखाबाद को नामजद कराया था।

आरोप है कि सभी ने मिलीभगत कर 26 किसानों के वाहनों के फर्जी प्रपत्र तैयार किए गए। जिन पर लाखों रुपए का लोन कराया  गया। इसमें आरटीओ विभाग से भी बड़े स्तर पर खेल हुआ।  किस्तें नहीं जमा करने पर किसानों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया।

इस मामले में भाकियू भानु गुट ने विकास भवन स्थित ग्राउंड में कई दिनों तक धरना प्रदर्शन किया। ठंडी सड़क स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक का घेराव किया। जिसके बाद सीओ सिटी व तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर किसानों की तरफ से दी तहरीर पर थाना कादरी गेट पर मुकदमा लिखा गया था।

विवेचना के बाद किसानों के साथ बड़े स्तर पर फर्जीबाड़े की बात सामने आई। जिसके बाद गुरुवार को थाना कादरी गेट पुलिस ने क्रिश्चियन कॉलेज के पास सत्यम द्विवेदी व विपिन राठौर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकार्ड में सत्यम द्विवेदी उर्फ संदीप निवासी ग्राम चांदपुर थाना कादरी गेट पर धोखाधडी के तीन मुकदमें व हरदोई के थानों में दो मुकदमे दर्ज है। आरोपी विपिन राठौर निवासी शिवाजी नगर नेकपुर कलां कोतवाली फतेहगढ़ पर दो मुकदमे दर्ज है। थाना अध्यक्ष कादरी गेट विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय  में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों को जेल भेज दिया है।

संबंधित समाचार