गौतम बुद्ध नगर : इंटरनेशनल ट्रेड शो का राष्ट्रपति ने किया उद्घाटन, कहा-देश के विकास में यूपी का अहम योगदान
गौतम बुद्ध नगर, अमृत विचार। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि विश्व में भारत की अर्थव्यवस्था पांचवे नंबर की है। इसको तीसरे नंबर तक पहुंचाने के लिए भारत सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसमें यूपी का अहम योगदान होगा। उन्होंने कहा कि यूपी में वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य रखा गया है। जो प्रदेश सरकार के प्रयास से जल्द ही हासिल होगा। उन्होंने कहा कि साल 2017 में प्रदेश में करीब 88 हजार करोड़ का निर्यात हुआ करता था। जो साल 2022 तक बढ़कर 1.75 करोड़ तक पहुंच गया है। प्रदेश लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि 6 साल में यूपी की इकोनॉमी 22 लाख करोड़ तक पहुंच गई है। यूपी सरकार की तरफ से निवेश के लिए उठाये गये कदम देश को आर्थिक रूप से मजबूत करेगा।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर राष्ट्रपति को गणेश की प्रतिमा भेंट की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते 6 वर्षों में जो विकास हुआ है। उसका प्रदर्शन इस ट्रेड शो में होगा। यहां से यूपी के विकास की कहानी लिखी जायेगी। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि बीते 6 साल में प्रदेश में बहुत से विकास के काम हुये हैं। जिससे प्रदेश की पहचान समृद्ध राज्य के तौर पर हो रही है। जबकि 6 साल पहले तक यह एक बीमारू राज्य हुआ करता था। उन्होंने बताया कि यह ट्रेड शो प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस ट्रेड शो में 70 देशों से आई अलग-अलग कंपनियों ने हिस्सा लिया है।
उत्तर प्रदेश के पहले इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में हो रहा है। 22 से 25 सितंबर तक चलने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में आम जनता को निशुल्क प्रवेश मिलेगा।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : जमीन कब्जा करने वालों की खैर नहीं, आरोपितों पर लग सकता है गैंगस्टर एक्ट
