गोरखपुर: आरपीएसएफ को मिलीं 546 महिला कॉन्स्टेबल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर, अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा विशेष बल, द्वितीय वाहिनी, रजही कैम्प, गोरखपुर में आज रेलवे सुरक्षा बल की 546 महिला कॉन्स्टेबल प्रशिक्षुओं के दीक्षात परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त,रेलवे सुरक्षा बल,पूर्वोत्तर रेलवे अतुल कुमार श्रीवास्तव ने महिला कॉन्स्टेबल प्रशिक्षुओं के परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च …

गोरखपुर, अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा विशेष बल, द्वितीय वाहिनी, रजही कैम्प, गोरखपुर में आज रेलवे सुरक्षा बल की 546 महिला कॉन्स्टेबल प्रशिक्षुओं के दीक्षात परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त,रेलवे सुरक्षा बल,पूर्वोत्तर रेलवे अतुल कुमार श्रीवास्तव ने महिला कॉन्स्टेबल प्रशिक्षुओं के परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।

प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 03 महिला प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य, प्रशिक्षण केन्द्र ए.के.सिंह ने 546 महिला प्रशिक्षु आरक्षियों को ईमानदारी, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं देश सेवा की शपथ दिलायी।

प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह महानिरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल, अतुल कुमार श्रीवास्तव ने रेलवे सुरक्षा बल तथा रेलवे सुरक्षा विशेष बल परिवार की तरफ से सभी प्रशिक्षुओं का इस परिवार में स्वागत करते हुए बधाई दी तथा कहा कि इस चयन हेतु समपूर्ण भारत से लगभग 70 लाख लोगों ने आवेदन दिया था। जिनमें लगभग मात्र 8000 लोग चयनित हुए जिनमें आप भी हैं। इससे यह प्रमाणित होता है कि आप कड़ी मेनहत कर के आयी हैं तथा कड़ी मेहनत करके इस प्रशिक्षण को कोविड-19 जैसे विपरीत परिस्थितियों में सीमित संसाधनों के होते हुए भी सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

उन्होंने कहा कि आज के बदलते परिवेश में रेलवे सुरक्षा बल में भी बदलाव हो रहा है। इस बल में भी आई.टी एवं अन्य क्षेत्रों में आधुनिकीकरण हो रहा है। इन बदलाओं के साथ हमें अपडेट रहना है।

अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आपकी भूमिका एक सरकारी सेवक के रूप में बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसा कोई कार्य नहीं करना है जिससे कि आप पर कोई उंगली उठा सके। आप सच्ची श्रद्धा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ देश सेवा भाव से यात्रियों एवं रेल सम्पत्तियों की सुरक्षा के लिय कृत संकल्प रहें। उन्होंने कहा कि ’’यशो लभस्व’’ का हमारा जो स्लोगन है इसमें हम अपने देश का यश बढ़ाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।

मुख्य अतिथि ने सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षु जया मालवीय, अंतरंग विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शनन करने वाली प्रशिक्षु रीना धोसरिया एवं आउट डोर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षु रीना देवी यादव को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इससे पहले कमाडिंग आफिसर, द्वितीय वाहिनी, रेलवे सुरक्षा विशेष बल अनिरूद्व चौधरी ने कहा कि प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त अतुल कुमार श्रीवास्तव के मार्ग-दर्शन में कोविड-19 के इस विषम समय में इतिहास के सबसे बड़ी संख्या में महिला प्रशिक्षुओं को सफल प्रशिक्षण देने में हम सफल हो सके।

इस अवसर पर मुख्य सुरक्षा आयुक्त डा. एस.के.सैनी, वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी फहीम अहमद,वरिष्ठ अधिकारी रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे सुरक्षा विशेष बल तथा उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग एवं कोविड-19 से बचाव हेतु निर्धारित सुरक्षा मानको का पालन किया गया।

संबंधित समाचार