लखीमपुर-खीरी: पुलिस से नोकझोक के बाद दर्ज हुई लाखों की चोरी की रिपोर्ट
फोटो- गोला में नानक चौकी इंचार्ज को तहरीर देते वैश्य महासभा के पदाधिकारी।
लखीमपुर खीरी/ गोला गोकर्णनाथ, अमृत विचार। मोहल्ला मुन्नूगंज में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर श्री हरिद्वारी वैश्य समिति के पदाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नानक पुलिस चौकी पहुंच पुलिस से रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की। नानक चौकी प्रभारी ने पहले काफी हीला हवाली की, जब समिति पदाधिकारियों का गुस्सा देखा तब काफी नोकझोंक के बाद बमुश्किल रिपोर्ट दर्ज की गई।
नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज में 21 सितंबर की रात चोरों ने बेचेलाल गुप्ता के घर को निशाना बनाकर घर में रखे 1.25 लाख रुपए नगद और लगभग 10 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर, कपड़े और जरूरी कागजात समेत 11 लाख का सामान चुरा लिया था। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह हुई थी।
तब उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की थी, पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया था। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित गृहस्वामी से कहा कि तहरीर बदलकर लाओ। परेशान बेचेलाल ने तहरीर भी बदल दी फिर भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इस मामले की सूचना मिलते ही श्री हरिद्वारी वैश्य समिति के पदाधिकारियों अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, अविनाश गुप्ता, विनोद गुप्ता, संजीव गुप्ता, शिवम गुप्ता गुरुजी, आदित्य गुप्ता आदी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए शनिवार को नानक पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की। काफी नोकझोंक और जद्दोजहद के बाद पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: गोवंशियों ने ली एक और युवक की जान, परिवार में मचा कोहराम
