लखीमपुर-खीरी: गोवंशियों ने ली एक और युवक की जान, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना मैलानी के कस्बा संसारपुर के बीचोबीच से निकले नेशनल हाइवे 730 पर कब्जा जमाए गोवंशियों ने एक और युवक को मौत की नींद सुला दिया। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। परिवार में कोहराम मच गया।

असमय ही काल के गाल में समाए कस्बे के सतीश कुमार शर्मा उर्फ हरिकरन (35) पुत्र सीताराम शर्मा गुरुवार की शाम कस्बे के नेशनल हाइवे 730 पर बाजार से अपने घर बाइक से लौट रहे थे। बताया जाता है कि कस्बे की जिला सहकारी बैंक के पास हाइवे पर डेरा जमाए खड़े गोवंशियों से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे कस्बा चौकी प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता ने घायल सतीश को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला चिकित्सालय लखीमपुर रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में कुछ देर चले इलाज के बाद हालत में कोई सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया, जहां पर उसका इलाज किया जा रहा था। शुक्रवार की रात में हालत खराब हुई तो परिजन उसे इलाज के लिए लखनऊ में एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह उसका शव घर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया।  

मृतक के साले हरीश कुमार ने शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के लिए थाने पर प्रार्थना पत्र दिया। चौकी प्रभारी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक महीने के अंदर गोवंशीय पशुओं से टकराकर कई लोग घायल हो चुके हैं और यह दूसरी मौत हुई है। कस्बावासियों ने गोवंशियों के कारण हो रही असमय मौतों पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों से गोवंशीय पशुओं से निजात दिलाये जाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: ट्राली में लगी लोहे की रॉड शिक्षक के पेट में घुसी, मौत 

संबंधित समाचार