बरेली: रोहली टोला में प्रापर्टी डीलर पर फायरिंग, पैर में लगी गोली, CCTV में कैद हुई घटना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

5-6 राउंड फायरिंग से दहशत में आया इलाका, जमीन का सौदा कराने पर रंजिश मानने लगे थे आरोपी

बरेली, अमृत विचार। बारादरी के रोहली टोला में रंजिशन प्रॉपर्टी डीलर पर एक युवक ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। एक गोली प्रापर्टी डीलर के पैर को चीरती हुई निकल गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

बारादरी के रोहली टोला धोबियों वाली गली में रहने वाले आरिफ राजा ने बताया कि वह प्रापर्टी डीलर हैं। उनका कार्यालय पीलीभीत रोड पर गुप्ता कार बाजार के पास है। शनिवार रात नौ बजे वह कार्यालय बंद करके घर गए थे। उन्होंने बताया कि मॉडर्न स्कूल के सामने उनकी ससुराल है। वहीं पर कार खड़ी करके ससुराल की ओर जा रहे थे। इस दौरान डेयरी में पहले से बैठे एक युवक ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। भागकर किसी तरह जान बचाई। इसी बीच एक गोली उनके पैर को चीरती हुई निकल गई और वह गिर गए। शोर होने पर आरोपी फरार हो गया। सूचना पर बारादरी पुलिस पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भेजा।

प्रापर्टी का सौदा कराने से शुरू हुई रंजिश
आरिफ राजा ने बताया कुछ लोगों ने जवाहर स्कूल की जगह पर कब्जा कर लिया है। उन लोगों ने स्कूल की जगह पर डेयरी खोल ली है। दो वर्ष पहले इसी जमीन को खरीदने की इच्छा अतिर खां और जुवैर खां ने जताई थी। तब उन्होंने स्कूल की कमेटी से आतिर की बात कराई, लेकिन सौदा तय नहीं हो सका। यहीं से आरोपी रंजिश मानने लगा। इसी वजह से उसने और उसके भतीजे ने हत्या करने के लिए फायरिंग की।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना
प्रापर्टी डीलर पर हुई फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी में एक युवक तमंचे फायर करता दिखाई दे रहा है। उसने करीब पांच राउंड गोलियां दागी। वहीं पीड़ित की ओर से अब तक थाना बारादरी में तहरीर नहीं दी गई है।

घटना में दो लोगों का नाम सामने आ रहा है। अब तक आरिफ की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की है। - हिमांशु निगम, इंस्पेक्टर बारादरी

ये भी पढ़ें- बरेली: नगर पालिका ने नाले पर बनाई पुलिया...दबंगों ने तोड़ी, वारदात CCTV में कैद

संबंधित समाचार