Ayushman mela : आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने वितरित किये आयुष्मान कार्ड
बावन/ हरदोई, अमृत विचार। आयुष्मान भव: कार्यक्रम के तहत बावन सीएचसी पर स्वास्थ्य मेला लगाया गया। इसमें आयुष्मान कार्ड बनाने से लेकर मरीजों का निशुल्क इलाज किया गया। इस मेले में पहुचे प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने फीता काटकर मेले की शुरूआत की। उसके बाद लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किये।
मेले में आये मुख्य अतिथि आबकारी मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं नीतियों से आखिरी छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में देश चौतरफा तरक्की कर रहा है और भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व करने की दिशा की ओर बढ़ रहा है। आयुष्मान कार्ड से पूरा देश फायदा उठाएगा। मेले में मौजूद सीएमओ डॉ रोहताश कुमार से आबकारी मंत्री ने कहा कि इस योजना में किसी भी तरह की धांधली न हो इसके लिए एक टीम गठित करने की अपील की। उन्होंने कहा की ताकि इसके माध्यम से सभी गरीब मजलूमो को इस योजना का लाभ मिल सके। आबकारी मंत्री ने मुन्नालाल, फूलमियाँ, दुर्गादत्त, मुन्नीलाल, जावेंद सहित अन्य लोगो को कार्ड वितरित किये। मंत्री ने मंच से बावन सीएचसी के इंचार्ज डॉ पंकज मिश्रा की तारीफ की। मेले में मरीजों को दवाएं वितरित की गई। साथ ही स्टाल लगाकर योजनाओं का प्रसार प्रचार किया गया।
ये भी पढ़ें -यूपी के हर गांव में फ्री होगी बीपी और शुगर की जांच, हर ग्राम पंचायत में होगा आयुष्मान सभा का आयोजन
