मुरादाबाद : दूसरी शादी कर पहली पत्नी को दिया तीन तलाक, एसएसपी से की शिकायत
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद के थाना कुंदरकी के बांहपुर गांव के रहने वाले युवक ने लाकडाउन में दूसरा निकाह करके कटघर क्षेत्र के गांव की रहने वाली पहली पत्नी को तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कटघर एसएचओ को …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद के थाना कुंदरकी के बांहपुर गांव के रहने वाले युवक ने लाकडाउन में दूसरा निकाह करके कटघर क्षेत्र के गांव की रहने वाली पहली पत्नी को तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कटघर एसएचओ को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
थाना कटघर के ग्राम जैतिया सादुल्लापुर निवासी महिला ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी को दिए गए शिकायत में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2007 को कुंदरकी थाने के बांहपुर गांव निवासी इकरार हुसैन के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने छह लाख का दान-दहेज दिया था। विवाहिता का एक 12 साल का बेटा भी है। शादी के बाद से ही उसका पति और ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। कई बार वह पंचायत के जरिए वह ससुराल गई, लेकिन बाद में पति का व्यवहार बदल जाता था।
इसी बीच एक दिन अकेला पाकर देवर उसके कमरे में घुस आया और अश्लीलता करने लगे। उसने पति और ससुराल वालों से शिकायत की तो उल्टे उसी पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। लाकडाउन के दौरान पति व ससुराल वाले तीन लाख रुपये मांगने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करके घर से निकाल दिया। इसी बीच पीड़िता ने एक जून को महिला थाने में प्रार्थना पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई। इसी बीच उसे मालूम हुआ कि लाकडाउन में उसके पति ने युवती से निकाह कर लिया है।
शिकायत के बाद 19 जून को उनकी काउंसिलिंग हुई। काउंसिलिंग में पति उसके साथ रहने के लिए राजी हो गया। पति यह बात भी स्वीकार की कि उसने दूसरा निकाह कर लिया है। पीड़िता फिर भी उसके साथ रहने को तैयार थी, लेकिन पति उसे लेने ही नहीं आया। उसके छोटे भाई ने फोन किया तो एक अगस्त को बुलाने के बहाने पति घर आ गया। यहां उसने आते ही विवाद करना शुरू कर दिया। इसी बीच तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोलकर चला गया। इसके बाद से पीड़िता परेशान है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले की जांच करना शुरू कर दी है।
