बरेली: खुफिया रिपोर्ट...जोगीनवादा को फिर सुलगाने की साजिश
बरेली, अमृत विचार। कांवड़ यात्रा के दौरान दो बार भारी बवाल झेल चुके जोगीनवादा को एक बार फिर सुलगाने की साजिश है। खुफिया विभाग ने पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ इंटेलिजेंस मुख्यालय लखनऊ को इस संबंध में रिपोर्ट भेजकर आगाह किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक कांवड़ यात्रा प्रकरण के बाद दोनों पक्षों के बीच अब तक तनाव है। अब दूसरा पक्ष 27 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस (जुलूस-ए-मोहम्मदी) के रास्ते पर आपत्ति खड़ी करने की तैयारी कर रहा है।
इस कारण जोगी नवादा में फिर बवाल हो सकता है। कुछ खुराफाती इसके लिए अभी से सक्रिय हो गए हैं। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक पुराना शहर में 27 सितंबर को जुलूस निकलना है। घंटाघर से दूसरा जुलूस 28 सितंबर को निकलेगा। जोगीनवादा में पीपल के पेड़ के नीचे से निकलने वाला जुलूस इस बार वहां के बजाय कब्रिस्तान वाली गली से निकलेगा जो वैकल्पिक रूप में अंजुमन के आयोजकों ने बनाया है, इसे दूसरा पक्ष नई परंपरा बता रहा है।
रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि अगर पीपल के पेड़ के नीचे से जुलूस निकलेगा तो दूसरे पक्ष के लोग अनुमति दिखाने की बात कहकर विवाद कर सकते हैं जैसा कि सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ था। इसलिए जुलूस के लिए इस इलाके में विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था करने की जरूरत है।
साथ ही बताया गया है कि इसे बवाल का रूप देने के लिए कुछ खुरापाती सक्रिय हैं। खुफिया विभाग की ओर से यह रिपोर्एट सएसपी, आईजी, एडीजी, डीएम के साथ इंटेलिजेंस मुख्यालय को भेजी गई है। अफसरों ने इसे गंभीरता से लेते हुए तैयारियां शुरू कर दी है। हालांकि एसपी सिटी राहुल भाटी ने फिलहाल खुफिया विभाग की ऐसी कोई रिपोर्ट मिलने से इन्कार किया है।
जिस मौर्य गली में कांवड़ यात्रा पर हुआ था विवाद, वहीं से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी
खुफिया विभाग की रिपोर्ट में बताया गया है कि शाहनूरी मस्जिद के पास चार-पांच अंजुमन के एक हजार के करीब लोग 27 सितंबर को इकठ्ठे होंगे। इसके बाद अंजुमनें डीजे के साथ वहां से निकलेंगे जो सकलैनी चौराहा तक जाएंगे।
उसके बाद चार लोग डीजे के साथ आगे जाएंगे जबकि अंजुमन के बाकी लोग शाहनूरी मस्जिद के पास दोबारा लौट जाएंगे जो मौर्य वाली गली से होते हुए चकमहमूद पहुंचेगे। यहां सभी इकठ्ठे होकर आगे के लिए निकलेंगे। इस बार कुछ आयोजकों ने कब्रिस्तान वाली गली के वैकल्पिक रास्ते पर होकर गुजरेंगे जो मौर्य गली से सटा हुआ है। यहीं पर कांवड़ यात्रा के दौरान हुए बवाल के बाद लाठीचार्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें- बरेली: सौतेले चाचा ने भतीजी के पेट में मारी लात, मौके पर मौत, आरोपी फरार
कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ था दो बार विवाद
सावन में शाहनूरी मस्जिद के सामने से डीजे के साथ कांवड़ यात्रा निकालने के दौरान दोनों समुदायों के लोगों में विवाद हुआ था। दूसरे पक्ष के लोग मस्जिद के सामने से डीजे बजाते हुए जाने का विरोध कर रहे थे जबकि कांवड़िए डीजे के साथ जाने की जिद पर अड़े थे।
इसी बीच कांवड़ियों के बीच दो खुराफातियों ने हवाई फायरिंग कर माहौल खराब कर दिया तो पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। इसके बाद प्रशासन ने इस रास्ते पर कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी। तभी से दोनों पक्षों में मनमुटाव चल रहा है।
ये भी पढ़ें : बरेली: बुलडोजर चलाना है तो मेरे घर पर चलाओ, मैं डरने वाला नहीं हूं- अजय राय
