सीएम भूपेश ने महिलाओं के सुरक्षित सफर के लिए शुरू किया निर्भया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिला सुरक्षा हेतु निर्भया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (जीपीएस)के साथ ही परिवहन विभाग की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का आज शुभारंभ किया। सीएम बघेल ने अपने निवास कार्यालय से परिवहन विभाग की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं महिला सुरक्षा हेतु निर्भया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (जीपीएस), अनफिट वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने हेतु रायपुर व दुर्ग में ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर के साथ ही विभिन्न लिंकेज मार्गो से गुजर रहे वाहनों की मॉनिटरिंग के लिए ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन कैमरा स्थापित करने से जुड़ी परियोजनाएं शामिल है। 

बघेल ने परिवहन विभाग की इन परियोजनाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और बिना वैध दस्तावेज वाले वाहनों पर कार्रवाई भी होगी। राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने में परिवहन विभाग की नवाचारी पहल मददगार साबित होगी। परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा ने इस मौके पर बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग ने कई नवाचारी पहल की शुरूआत की है। 

इसी कड़ी में सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं के सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने के लिए निर्भया फण्ड के तहत भारत सरकार, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश अनुसार व्हीकल ट्रेकिंग प्लेटफार्म स्थापित किया गया है। परियोजना अंतर्गत राज्य में संचालित यात्री वाहनों में जीपीएस एवं पैनिक बटन लगेगा। किसी भी आपात स्थिति में पैनिक बटन दबाने से तत्काल ही सूचना परिवहन विभाग के कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के माध्यम से पुलिस विभाग के डायल 112 को प्राप्त हो जाएगी। जिससे महिलाओं एवं बच्चों का यात्री वाहनों में सफर सुरक्षित होगा और आपात स्थिति में उन्हें सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। 

ये भी पढ़ें- सनातन धर्म को खत्म करने की बात करने वाला विपक्षी गठबंधन राज्यों में भी टिक नहीं पाएगा : मनोज तिवारी