अमेठी : संजय गांधी अस्पताल के लाइसेंस निलंबन के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी, अमृत विचार। संजय गांधी अस्पताल के लाइसेंस के निलंबन के खिलाफ कर्मचारियों और डॉक्टरों का धरना बृहस्पतिवार को भी जारी है जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर कांग्रेस का 'सत्याग्रह' स्थगित कर दिया गया है। क्षेत्रीय सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय नेता की शिकायत पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संजय गांधी चिकित्सालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने आज बताया कि अस्पताल में चिकित्सीय सेवाएं दोबारा शुरू होने तक कर्मचारियों और डॉक्टरों का धरना जारी रहेगा। 

उन्होंने कहा कि अस्पताल बंद होने से अमेठी और आसपास के अन्य जिलों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संजय गांधी अस्पताल का लाइसेंस इसी महीने 17 सितंबर को दिव्या शुक्ला नामक महिला रोगी की मौत होने के बाद 18 सितंबर को निलंबित कर दिया गया था। मृत महिला के पति ने दावा किया कि आपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया की अधिक मात्रा दिए जाने से दिव्या की हालत बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई। संजय गांधी अस्पताल का संचालन दिल्ली स्थित संजय गांधी मेमोरियल ट्रस्ट करता है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इस ट्रस्ट की अध्यक्ष हैं तथा पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा इसके सदस्य हैं। कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने 25 सितंबर से सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन 'सत्याग्रह' शुरू किया था, जो 27 सितंबर की शाम को कैंडल मार्च के साथ समाप्त हुआ। लाइसेंस निलम्बन मामले पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय आगामी तीन अक्टूबर को सुनवाई करेगा। अदालत ने मरीज की मौत के मामले की जांच का विवरण मांगा है। 

ये भी पढ़ें -प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश में रेप की घटना को लेकर साधा निशाना, 'भाजपा के कुशासन में कोई सुरक्षित नहीं'

संबंधित समाचार