लखीमपुर खीरी: नेपाल एपीएफ ने सब्जी बेचने जा रही थारू महिलाओं को किया वापस 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। गुरूवार को सब्जी बेचने धनगढ़ी नेपाल जा रही थारु क्षेत्र की महिलाओं को बार्डर पर तैनात नेपाल एपीएफ द्वारा वापस कर दिया गया, जिससे क्षुब्ध होकर दर्जनों थारु महिलाओं ने एसएसबी कैम्प गेट के आगे बार्डर पर जाम लगाकर नेपाल से आवागमन रोक दिया।

इससे बार्डर पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद एसएसबी ने थारु महिलाओं को बार्डर से हटाकर जाम खुलावाया। तब जाकर नेपाल मार्ग खुल सका। बार्डर पर नेपाल से आवागमन बंद होने से करीब एक घंटे तक खलबली रही। गौरीफंटा से धनगढ़ी-नेपाल में सब्जी बेचने के लिए आदिवासी थारू क्षेत्र के ग्राम बनगवां, सेढ़ाबेढ़ा, कजरिया, बनकटी आदि गांवों की दर्जनों थारु महिलाएं जा रही थीं।

तभी बार्डर पर तैनात नेपाल एपीएफ ने सब्जी बेचने जा रही थारू महिलाओं को नेपाल जाने से रोक दिया। इससे क्षुब्ध होकर लौटी थारु महिलाओं ने गौरीफंटा बार्डर पर एसएसबी वीओपी कैम्प के आगे हंगामा करते हुए नेपाल से भारत आने वाले लोगों व वाहनों को रोक दिया। बार्डर पर थारु महिलाओं द्वारा हंगामा काटे जाने से खलबली मच गई।

बार्डर पर तैनात एसएसबी के एसआई राजवीर सिंह नेगी ने एसएसबी महिला जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर उन्हे वहां से पीछे जाकर खड़े होने को कहकर हटाया। तब जाकर बार्डर खुल सका।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: पुलिस की सरकारी गाड़ी से बाइक सवार को लगी टक्कर, हुआ घायल

 

संबंधित समाचार