Kanpur: इतना बड़ा कांड हो गया… और आप सोना पहनकर जा रही हो, पुलिसकर्मी बन महिला से पांच लाख के जेवर उतरवाए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में पुलिसकर्मी बन महिला से पांच लाख के जेवर हड़पे।

कानपुर में श्याम नगर में बाइक सवार दो युवकों ने पैदल जा रही महिला को रास्ते मे रोक लिया। इसके बाद खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए महिला से पांच लाख के जेवर उतरवा लिए।

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र के श्याम नगर में बाइक सवार दो युवकों ने पैदल जा रही महिला को रास्ते मे रोक लिया। इसके बाद खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए हनक दिखाई। लूट का भय दिखाकर पीड़िता से पांच लाख कीमत के सोने की चेन और कड़े उतरवा लिए। इसके बाद जेवरात लेकर वहां से नौ दो ग्यारह हो गए। पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है। 

श्याम नगर के रमनकुंज अपार्टमेंट निवासी सुनीता ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त की सुबह वह चट्टे से लौट रही थीं तभी हरिहर धाम से पहले हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका और एक महिला के बारे में पूछने लगे। उन्होंने जनाकारी होने से मना किया तो आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए हड़काने लगे। कहा कि पीछे इतना बड़ा कांड हो गया है और आप इतना सोना पहनकर जा रही हो।

आरोपी उनसे सोने की चेन और कड़े जबरन उतरवाने लगे। फिर उन्होंने दोनों को एक कागज में रखा और सुनीता से पर्स खोलने को कहा। इसी बीच आरोपियों ने गहनों की टप्पेबाजी कर दी और खाली कागज उन्हें देकर चले गए। घर पहुंचकर जब उन्होंने कागज खोलकर देखा तो गहने गायब थे। सुनीता के अनुसार उनकी चेन और कड़े करीब पांच लाख की कीमत के थे।

उनका आरोप है कि थाने और चौकी में शिकायत करने पर पुलिस उनकी नहीं सुन रही थी। करीब एक माह तक थाने के चक्कर लगाने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

संबंधित समाचार