अमरोहा: सिपाही ने छात्रा से पहले किया दुष्कर्म, बाद में कर ली शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अब पीड़िता युवती ने सिपाही पति पर लगाए गंभीर आरोप, सात पर रिपोर्ट

अमरोहा, अमृत विचार। जनपद अयोध्या की पुलिस लाइन में तैनात मुरादाबाद निवासी सिपाही ने शादी करने का झांसा देकर बीए की छात्रा से दुष्कर्म किया। बाद में कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने मंदिर में छात्रा से शादी कर ली। ससुराल में प्रताड़ित छात्रा ने अब सिपाही पति पर जान से मारने की धमकी देने व उसके भाई पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी सिपाही समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

नौगांवा सादात क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की बेटी जिला मुरादाबाद में कांठ थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी ननिहाल में रहकर बीए कर रही थी। छात्रा का आरोप है कि पढ़ाई के दौरान ही उसकी मुलाकात उसी गांव निवासी विनीत कुमार से हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया।

आरोप है कि शादी का झांसा देकर विनीत ने छात्रा से शारीरिक संबंध बनाए। इस बीच यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर विनीत भर्ती हो गया। नौकरी के बाद विनीत ने उसके साथ शादी करने से इनकार कर दिया था। छात्रा ने इसकी शिकायत पुलिस से की तो कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने मुरादाबाद के एक मंदिर में शादी कर ली।

एस समय विनीत की तैनाती अयोध्या जिले की पुलिस लाइन में है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति का व्यवहार ठीक नहीं है। हाल-चाल जानने के लिए फोन करने पर वह उसके साथ गाली-गलौज करता है। पीड़िता ने देवर पर दुष्कर्म के प्रयास व ससुराल के अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है।

इस समय वह अपने मायके में रह रही है। पीड़िता कुछ दिन पहले अयोध्या पहुंची तो वहां पति विनीत ने दुपट्टे से गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता ने इसकी शिकायत अयोध्या के एसपी से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि इस मामले में सिपाही समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जांच कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा: रास्ते में दिवार बनाने पर भाजपा आईटी सेल के जिला संयोजक व मीडिया प्रभारी भिड़े