अमरोहा : सड़क हादसे में पीलीभीत के दो मजदूरों की मौत, ई-रिक्शा ने बाइक में मारी टक्कर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रजबपुर में वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के पास शुक्रवार देर रात ई-रिक्शा ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में पीलीभीत निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों हरियाणा से पीलीभीत लौट जा रहे थे। इस मामले में ई-रिक्शा के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

जनपद पीलीभीत जिले के गांव मजराहीरपुर निवासी 60 वर्षीय राजाराम व रामसिंह मजदूर थे। मजदूर राजाराम के परिवार में पत्नी सोमवती के अलावा दो बेटे रामधार व गोरनलाल हैं। राम सिंह की पत्नी कमला देवी की मृत्यु हो चुकी है। उनके परिवार में तीन बेटे परविंदर, बलराम व वीरेंद्र हैं। आपस में दोस्त राजाराम व राम सिंह हरियाणा में मजदूरी करते थे। शुक्रवार देर रात साढ़ आठ बजे दोनों हरियाणा से पीलीभीत जा रहे थे। 

जैसे ही उनकी बाइक रजबपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के पास पहुंची तो गलत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा से भिड़ंत हो गई। हादसे में राजाराम व रामसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि हादसे को अंजाम देने वाला चालक ई-रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 इसके बाद पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी। जानकारी के बाद मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और दोनों को मृत अवस्था देखकर रोने-बिलखने लगे। इस मामले में सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि ई-रिक्शा के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : कोर्ट के आदेश की अवहेलना में हसनपुर इंस्पेक्टर व एसओसी चकबंदी पर कसा शिकंजा

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज