लखीमपुर खीरी: फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
देर शाम तक नहीं खोदकर निकाला गया शव, लगा रहा लोगों का जमाववाड़ा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। नीमगांव क्षेत्र में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शनिवार को फील्ड यूनिट टीम मृतक किशोरी के गांव पहुंची। टीम ने घटना स्थल की जांच की और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। उधर शव खोदे जाने को लेकर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। हालांकि देर शाम तक खुदाई की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी थी। गांव में पूरे दिन भारी संख्या में पुलिस और मीडिया कर्मियों का जमाववाड़ा लगा रहा।
थाना नीमगांव क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय किशोरी की तीन दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवारजन ने बीमारी से मौत समझकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। तीन दिन बाद किशोरी की मौत के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ उस वक्त आ गया था। जब मृतक किशोरी के भाई ने अपनी दूसरी बहन के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना नीमगांव पुलिस को तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मृतक किशोरी के घर के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। शनिवार को फील्ड यूनिट की टीम गांव पहुंची और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए। उधर पोस्टमार्टम के लिए शव निकाले जाने की सूचना पर सुबह से ही ग्रामीणों के साथ ही मीडियाकर्मियों का जमावड़ा लग गया। दिन भर लोग शव निकाले जाने का इंतजार करते रहे, लेकिन शव निकाले जाने की कार्रवाई देर शाम तक शुरू नहीं हो सकी। एसओ अजित कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव को निकाला जाएगा।
मृतका की मां की हालत बिगड़ी, भर्ती
मृतक किशोरी की मां की शनिवार को अचानकर हालत बिगड़ गई। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। तमाम लोगों की भीड़ घर पर जमा हो गई। परिजन महिला को एंबुलेंस 108 से आनन-फानन में सीएचसी ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: मजदूरी करने निकले युवक पर बाघ ने किया हमला, मौत
