अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को कर दिया बर्बाद
राज्य ब्यूरो, लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर देने का आरोप लगाया है। अखिलेश के मुताबिक, इस मौसम में इस तरह की तमाम बीमारियां मच्छरों के प्रकोप से फैल रही है। डेंगू बुखार जानलेवा हो गया। लखनऊ में दो मरीजों की मौत हो गयी और लोगों में दहशत है।
सपा प्रमुख ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि सब कुछ जानते हुए भी सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। लोगों के इलाज के लिए अस्पतालों में जरूरी इंतजाम नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री को पार्टी के प्रचार से फुरसत ही नहीं है कि जनता के बारे में सोंचे। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त इलाज न मिल पाने से मरीज निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने पर मजबूर हैं।
