बहराइच : शतक पूरा करने वाले मतदाताओं को डीएम ने किया सम्मानित
बहराइच, अमृत विचार। सदर तहसील सभागार में अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर डीएम और अन्य अधिकारियों ने 100 वर्ष पूरा करने वाले मतदाताओं को सम्मानित किया। कहा कि ऐसे लोगों से ही हमारा लोकतंत्र मजबूत है।
तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 286-बहराइच अन्तर्गत मतदेय स्थल 179-जू.हा.स्कूल छावनी सरकार के 101 वर्षीय मतदाता दयाराम, मतदेय स्थल 275 जूनियर हाईस्कूल वीरपुर की 101 वर्षीय मतदाता रामकली व मतदेय स्थल 410 रत्तापुर की 101 वर्षीय मतदाता रामरानी तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 284-मटेरा अन्तर्गत मतदेय स्थल 189 महरथा के 101 वर्षीय मतदाता जब्बार व 242 कटेलिया भूपसिंह की 100 वर्षीय मतदाता रसूला को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ व मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। सभी वृद्धजन से डीएम ने आशीर्वाद प्राप्त किया।
जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बुज़ुर्ग मतदाताओं के दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतन्त्र की आन-बान-शान मतदाता हैं। डीएम ने कहा कि हमारे बुज़ुर्ग मतदाता आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। डीएम ने बुज़ुर्ग मतदाताओं का आहवान किया कि लोगों विशेषकर युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। डीएम ने कहा कि मतदेय स्थल तक आकर मतदान करने में असमर्थ बुज़ुर्ग मतदाताओं को घर पर वोट देने की सुविधा प्रदान की जा रही है।
डीएम ने बताया कि बुज़ुर्ग मतदाताओं को सम्मानित करने के लिए जिले की सभी तहसीलों में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी डॉ. पूजा यादव, प्रशिक्षु पीसीएस प्रिन्स वर्मा, तहसीलदार अभय राज पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी तथा बुज़ुर्ग मतदाताओं के परिजन, राजस्व कर्मी व बूथ लेबिल अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -बहराइच : 75 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
