अयोध्या: गांधी जयंती पर सीआरपीएफ जवानों ने ली स्वच्छता की शपथ
अयोध्या। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 63वीं वाहनी नवीन मंडी शिविर कार्यालय परिसर में सोमवार को जवानों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बटालियन के कमांडेंट छोटेलाल ने कहा कि देश की आजादी तथा सांस्कृतिक, सामाजिक, भौगोलिक एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर हमको स्वच्छता की शपथ लेनी है, क्योंकि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छ भारत का सपना देखा था तथा साफ-सफाई को महत्वपूर्ण स्थान दिया था। साफ-सफाई का सीधा संबंध हमारे शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य से है, जो हमारे सामाजिक तथा आर्थिक स्तर को भी परोक्ष-अपरोक्ष रूप से प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि हम सभी को धार्मिक वादी तथा जातिवादी अलगाव व आपसी वैमंस्य रूपी गंदगी को मन से साफ कर सौहाद्रपूर्वक एक दूसरे के साथ रहना चाहिए।
सीआरपीएफ की ओर से बताया गया कि भारत सरकार के निर्देश पर एक अक्टूबर से गाँधी जयंती तक चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत अधिकारियों, जवानों तथा परिवार के सदस्यों की ओर से 100 घंटे साफ-सफाई की जा रही है तथा अभियान से समाज के 100 लोगों को जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी सरकार राजा रमन, उप कमांडेंट अजय कुमार व राणा प्रताप समेत अधिकारी, जवान, परिवार के लोग तथा समाज के लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: मां ने मोबाइल चलाने से किया मना तो छात्रा ने फंदा लगाकर दे दी जान
