Unnao News: दिव्यांग विवाहिता की मौत… मृतका के भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में संदिग्ध परिस्थितियों में दिव्यांग विवाहिता की मौत हो गई।

उन्नाव में संदिग्ध परिस्थितियों में दिव्यांग विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई ने दहेत हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।

उन्नाव, अमृत विचार। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अतरधनी में दिव्यांग विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के भाई ने पति और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया है।

सफीपुर के मोहल्ला शेख जादगान निवासी इरफान अहमद  ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन गौसिया उर्फ मोनी की शादी 22 दिसंबर 2018 को बांगरमऊ के ग्राम अतरधनी निवासी हामिद अली के पुत्र मोहत्सिम के साथ की थी। गौसिया श्रवण बाधित दिव्यांग थी। शादी के कुछ समय तक तो सब ठीक-ठाक रहा लेकिन उसके बाद ससुरालीजन गौसिया को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और उसके साथ अक्सर मारपीट करने लगे।

मंगलवार को भी बहन गौसिया ने फोन पर मारपीट करने की बात बताई थी। इरफान ने बताया कि जब तक वह बहन के घर पहुंचता तब तक उसके घर से उसकी मौत की खबर आ गई। जब उसने जाकर देखा तो गौसिया के गले में खरोच व चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाली  प्रभारी  ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर घटना की जांच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। वहीं मृतका गौसिया के पति मोहत्सिम ने बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार रहती थी। इसी बीमारी के चलते उसने खुदकुशी कर ली है। 

 

संबंधित समाचार