Etawah News: मगध एक्सप्रेस में निकला सांपा… यात्रियों में मची अफरातफरी, यात्री बोले- रात भर लगता रहा डर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मगध एक्सप्रेस में सांप निकलने से यात्रियों में हड़कंप मचा।

मगध एक्सप्रेस में सांप निकलने से यात्रियों में हड़कंप मचा। वन विभाग के रेस्क्यू ऑपरेशन में सांप न मिलने पर ट्रेन रवाना हो गई।

इटावा, अमृत विचार। मगध एक्सप्रेस के एसी कोच में सांप निकलने से रेल यात्रियों में हड़कंप मच गया है। इटावा जंक्शन पर ट्रेन के रुकने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया लेकिन सांप को पकड़ा नहीं जा सका। इसके बाद ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

इस्लामपुर से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 20801अप मगध एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सांप एसी बी वन में कोच में देखा गया। रात करीब 1 बजे के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से ट्रेन के निकलने के बाद जैसे ही पनकी रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी आई वैसे ही एक यात्री ने सांप को देखा और उसकी चीख निकल गयी। ये देखकरअन्य रेल यात्रियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

मगध एक्सप्रेस के आने का समय सुबह 5.45 बजे का है लेकिन बुधवार की सुबह 7.35 बजे जब ट्रेन इटावा जंक्शन पर आकर रुकी तो पहले से मौजूद वन विभाग की टीम के साथ वन्य जीव विशेषज्ञ संजीव चौहान, जीआरपी, आरपीएफ के जवान मौजूद थे। ट्रेन के रुकते ही वन विभाग के दरोगा सुरेश कुमार तिवारी की अगुवाई में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन सांप को पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

टीम के द्वारा बताया गया कि सांप रेल कोच की एक दराज में घुस गया है, इसके बाद फिलहाल उसको देख पाना संभव नहीं है लेकिन सांप एसी कोच के भीतर ही घुसा रहा, इससे पूरी रात यात्रियों की जान फंसी रही।

रेलवे पुलिस को कंट्रोल से मिली थी सांप की सूचना

रेलवे पुलिस को बुधवार की सुबह 4 बजकर 32 मिनट पर रेलवे कंट्रोलर के जरिए 20801 मगध एक्सप्रेस के बी वन एसी कोच की सीट नंबर 57,58 ओर 59 पर कोई सांप होने की सूचना मिली। जिसकी सूचना मिलने के बाद इटावा के वन विभाग के साथ-साथ में वन्य जीव संस्था सोसायटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर को इस बात की जानकारी दी गई।आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर शिवचरण सिंह ने बताया कि रेलवे कंट्रोलर के जरिए मगध एक्सप्रेस में सांप की मौजूदगी की जानकारी दी गई है इसीलिए मगध एक्सप्रेस को रोक करके रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। लेकिन सांप नहीं मिल सका।

यात्री बोले रात भर सताता रहा सांप का डर

मगध एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे सैनिक जितेश ने बताया कि उनकी सीट पर एक अजीब सी आवाज सुनाई देने के बाद उन्होंने देखा तो सांप नजर आया। जिसके बाद उन्होंने सबूत के तौर पर उसका फोटो और वीडियो बनाया इसके बाद रेलवे के अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी। इटावा में ट्रेन को रोककर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सांप को निकालने की कोशिश की गई लेकिन सांप कोच की दराज में घुसा हुआ दिखाई दे रहा है उसको निकाल पाना किसी भी सूरत में संभव नहीं हुआ। इसी कोच के यात्री नीरज कुमार ने बताया कि रात एक बजे के आसपास सांप देखे जाने के बाद रेल प्रशासन के अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी गई थी। सांप को देखे जाने के बाद सभी को डर लग रहा था। पटना से दिल्ली की यात्रा पर जा रही जहांआरा का कहना है कि आज सुबह इस बात की जानकारी मिली कि रेल कोच में सांप है, इसके बाद से डर से जान निकल रही है। रात को कुछ आवाज़ सुनी थी लेकिन तब एहसास इस बात का नहीं हुआ कि कोच में सांप है सुबह लोगों ने बताया कि कोच के भीतर सांप घुसा हुआ है।

दिल्ली में कोच को अलग कर चलाया जाएगा सर्च ऑपरेशन

मगध एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट आरएम तायल का कहना है कि बी वन कोच के सीट नंबर 57,58 व 59 सीट के यात्रियों ने कोच में सांप होने की जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने खुद मौके पर आकर के देखा रेल यात्री जो फोटोग्राफ लिए थे उसके जरिए बड़े अफसरों को जानकारी दी गई है और इटावा रेलवे स्टेशन पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। लेकिन सांप के न मिलने के बाद अब नई दिल्ली में इस कोच को अलग करके गहनता से सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जाएगा।

संबंधित समाचार