Hamirpur News: हाईवे में रोडवेज बस की ट्रक से हुई भिड़ंत, मची चीख-पुकार, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल
हमीरपुर में हाईवे में रोडवेज बस की ट्रक से भिड़ंत हो गई।
हमीरपुर में हाईवे में रोडवेज बस की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
हमीरपुर, अमृत विचार। कानपुर सागर टूलेन हाईवे में एक बार फिर सड़क हादसे में ट्रक व रोडवेज बस की आमने सामने टक्कर हो गई। जिसमें हमीरपुर डिपो की बस के चालक सहित करीब एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जनपद कानपुर नगर के थाना सजेती पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं अत्यधिक गंभीर सवारियों को पीएनसी की गाड़ी से कानपुर भेजा गया है।
खूनी हाईवे के नाम से प्रसिद्ध नेशनल टूलेन हाईवे में बुधवार को दोपहर बाद फिर से एक बड़ा हादसा हो गया। हमीरपुर रोडवेज डिपो की बस कानपुर से सवारियां लेकर मुख्यालय आ रही थी। तभी कानपुर नगर के सजेती थानाक्षेत्र के आनूपुर मोड़ के पास हाईवे में बस की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। जिससे चीख पुकार मच गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची सजेती पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं कुछ लोगों को सीधे कानपुर भेजा गया। जिसमें चालक भूरेलाल की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों में शकुंतला (46) पत्नी रामरतन निवासी इंदरानगर बांदा, लखन (46) पुत्र गोपाल निवासी विदोखर हमीरपुर, रोहित (22) पुत्र सूरज सिंह निवासी महोबा, पुष्पेंद्र (27) शारदा निवासी विदोखर, अखिला (60) निवासी मौदहा व रोडवेज परिचालक विजय (45) निवासी मौदहा शामिल हैं।
जबकि अन्य गंभीर रूप से घायलों को पीएनसी की एंबुलेस से सीधे कानपुर भेजा गया है। घटना के बाद अफरा तफरी व चीख पुकार मच गई थी। साथ ही हाईवे में जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे करवा कर वाहनों का आवागमन शुरू कराया। जिससे करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। उधर रोडवेज डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि बस के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। कहा चालक की हालत नाजुक है।
