मुरादाबाद: दलपतपुर टोल प्लाजा पर हंगामा, यात्रियों ने भी कर्मियों का किया विरोध

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दलपतपुर (नियामतपुर इकरोटिया) टोल प्लाजा पर बुधवार शाम कर्मियों, रोडवेज बस चालक और नाराज यात्रियों में जमकर बहस हुई। इस घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है। यात्री भी बस से उतर आए और टोल प्लाजा कर्मियों की मनमानी के विरुद्ध मुखर हाे गए। इस दौरान टोल प्लाजा पर वाहनों का जाम लग गया और वहां भीड़ जुट गई।

मामला शाम 6.50 बजे का है। बस पीतलनगरी डिपो की थी। अन्य कई वाहन सवारों के हस्तक्षेप पर विवाद 7.25 बजे तक शांत हुआ। इस तरह करीब 35 मिनट तक रोडवेज बस टोल प्लाजा पर रुकी रही। बस चालक का कहना था कि टोल प्लाजा पर कर्मी दोगुना टोल मांग रहे हैं, वह कहां से इन्हें दें। बताया, यात्री दिल्ली जा रहे हैं। टोल प्लाजा कर्मियों की अवैध वसूली के चक्कर में बस रोकनी पड़ी और यात्री भी परेशान हुए। कई यात्रियों ने टोल प्लाजा पर वाहन के ठहराव के लिए लगे लोहे के पाइप को पकड़कर उठा दिया। यात्री टोल कर्मी को बाहर निकलने को कह रहे थे। 

गनीमत रही कि टोल कर्मी अपनी सुरक्षित सीट पर था, और वह चारों ओर से कवर था अन्यथा गुस्से में यात्री उससे मारपीट भी कर देते। इस विवाद के दौरान वहां कोई सुरक्षाकर्मी भी नजर नहीं आया। वैसे दलपतपुर टोल प्लाजा पर विवाद का ये कोई नया मामला नहीं है। यहां अवैध वसूली के चक्कर में आए दिन ट्रक व अन्य वाहन चालकों से कर्मी झगड़ते हैं। इसी कारण जाम की भी स्थिति उत्पन्न होती है। 

टोल प्लाजा प्रबंधक योगेश चौधरी सफाई देते हैं कि जो वाहन ओवरलोड होते हैं, उनसे अतिरिक्त टोल वसूल किया जाता है और यह व्यवस्था एनएचएआई की गाइडलाइन में है। जिनके पास फास्टैग नहीं है, उनसे दोगुना टोल वसूल किया जाता है। उनका कहना है कि कोई भी टोलकर्मी अवैध वसूली नहीं करता है। प्रबंधक का ये भी कहना है कि झगड़ने का एक कारण ये भी है कि कई वाहन चालकों के फास्टैग में बैलेंस खत्म हो जाता है और वह मौके पर आकर कर्मी से उलझते हैं। इस चक्कर में भी पीछे वाहन इंतजार में खड़े होते है और जाम लगता है।

यात्रियों ने कहा, टोल प्लाजा पर सुविधाएं नहीं
रामपुर से चलकर आ रही पीतलनगरी डिपो की बस में सवार यात्रियों ने बताया कि वह बहुत दूर के नहीं हैं। कहा, यहां दलपतपुर टोल प्लाजा पर अक्सर वाहन चालकों से बवाल होता है। कर्मचारी मनमाना टोल वसूली करते हैं, यदि इस संबंध में कार्यालय में जाकर अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो वह भी मामले को टालते हैं। कर्मियों की कार्यशैली से नाराज राहगीरों ने कहा कि दलपतपुर टोल प्लाजा पर यात्रियों के लिए कोई भी सुविधाएं नहीं हैं। साफ-सफाई तक का अभाव रहता है। कहीं एक डस्टबिन तक नहीं रखा है। डिवाइडर के टूटे-फूटे गर्डर रखे हैं, जो खतरा बने हैं।

अवैध वसूली का कोई मामला नहीं है। हमारा ब्यूटी प्रोजेक्ट है। वैसे आज (बुधवार) शाम को दलपतपुर टोल प्लाजा पर क्या बात हुई है, इसके बारे में हम जानकारी कर रहे हैं।- प्रवीन जिंदल, महाप्रबंधक-टोल प्लाजा (मुरादाबाद-बरेली एक्सप्रेस-वे)

ये भी पढे़ं -मुरादाबाद: वारंट जारी होने के बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं हुईं अभिनेत्री, घटना को हो गए चार साल

 

संबंधित समाचार