अमरोहा: बुखार से तीन लोगों की मौत, दो गांवों में 100 से ज्यादा लोग चपेट में...सीएचसी में रोजाना बढ़ रही भीड़
गजरौला( अमरोहा ), अमृत विचार। बुखार पीड़ित महिला, बुजुर्ग व फैक्ट्रीकर्मी की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है। दो गांवों में 100 से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं। सीएचसी में रोजाना 200 से ज्यादा बुखार पीड़ित मरीज दवा लेने पहुंच रहे हैं। बुखार को लेकर आबादी के बीच दहशत का माहौल है।
जनपद में बुखार का कहर लगातार जारी है। नगर में अब तक बुखार से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीण इलाकों में भी लगभग सभी घरों में लोग बुखार से तप रहे हैं। इसका असर सीएचसी पर भी दिख रहा है। रोजाना बुखार पीड़ित मरीजों की भीड़ लगी रही है। गांव अहरौला तेजवन निवासी अंजू भी बीते कई दिन से बुखार की चपेट में थी। उसका उपचार निजी चिकित्सक से चल रहा था। गुरुवार को उसकी मौत हो गई। दूसरी मौत गांव पतेई एवन में हुई। यहां रहने वाले 76 वर्षीय बलजीत पांच दिन से बुखार से पीड़ित थे। इनका उपचार भी निजी चिकित्सक से चल रहा था। गुरुवार सुबह बलजीत ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
तीसरी मौत हाईवे किनारे संचालित निजी फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारी की हुई। हापुड़ जिले के लक्सर निवासी राजेंद्र नगर की निजी कंपनी में काम करते थे। गुरुवार को तेज बुखार की वजह से वह छुट्टी लेकर अपने घर चले गए। जहां उनकी मौत हो गई। इसके अलावा गांव अहरौला तेजवन व पतेई एवन में अभी भी 100 से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग सुध नहीं ले रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर नहीं लगाया गया। चिकित्साधीक्षक डॉक्टर योगेंद्र सिंह का कहना है कि बुखार से मौत का मामला संज्ञान में नहीं है।
बुखार से पीड़ित अधिवक्ता ने दम तोड़ा
आदमपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन से बुखार से पीड़ित अधिवक्ता की मृत्यु हो गई। गांव दुल्हेपुर अहीर निवासी 40 वर्षीय अधिवक्ता डालचंद तीन दिन से बुखार से पीड़ित थे। उनका इलाज ढबारसी के निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। गुरुवार तड़के लगभग तीन बजे ज्यादा हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हे मेरठ लेकर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही अधिवक्ता ने दम तोड़ दिया। अधिवक्ता की मौत से उनकी पत्नी राकेश, पुत्र व पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : परिजनों को नींद की गोली देकर किशोरी प्रेमी संग फरार
