Etawah News: शेरनी ने जन्म देने के बाद शावक को नहीं अपनाया, अब पालन-पोषण में जुटा सफारी प्रशासन
इटावा में शेरनी के छोड़े शावक के पालन पोषण में जुटा सफारी प्रशासन।
इटावा में शेरनी के छोड़े शावक के पालन पोषण में सफारी प्रशासन जुटा। 34 दिन पहले शेरनी रूपा ने शावक को जन्म देने के बाद अपनाया नहीं था।
इटावा, अमृत विचार। इटावा सफारी पार्क की लायन सफारी में शेरनी द्वारा छोड़ दिए गए शावक की जान बचाने और उसके पालन पोषण में सफारी प्रशासन जुटा हुआ है। इस कवायद को 34 दिन बीत चुके हैं । इस शावक का खास ख्याल रखा जा रहा है। शावक फिलहाल स्वस्थ है और वह चहलकदमी भी कर रहा है।
सफारी में शेरनी रूपा ने तीन सितंबर को दो शावकों को जन्म दिया था। जिनमें से एक की मृत्यु हो गई। एक शावक को शेरनी रूपा ने नहीं अपनाया और उसे दूध भी नहीं पिलाया। इसके बाद सफारी प्रशासन ने उस शावक को नेटिव केयर यूनिट में रखा है। जहां उसे बोतल से दूध पिलाया जा रहा है। इसके साथ ही उसे अन्य आहार भी दिए जा रहे है। ताकि इस शावक की जान बचाई जा सके।
पिछले 33 दिनों से यही कार्य चल रहा है और शावक अभी ठीक है। सफारी प्रशासन इस कठिन कार्य में जुटा हुआ है। हालांकि इससे पहले शेरनी सोना ने भी एक शावक को छोड़ दिया था और उसे दूध नहीं पिलाया था। सफारी प्रशासन ने इसी तरीके से उसका पालन पोषण किया था। बोतल से दूध पिलाया था और 35 दिन तक वह शावक जीवित भी रहा लेकिन उसके बाद उसे नहीं बचाया जा सका।
अब एक बार फिर सफारी प्रशासन शेरनी रूपा द्वारा छोड़े गए शावक की जान बचाने में लगा हुआ है। सफारी के डिप्टी डायरेक्टर जयप्रकाश ने बताया कि इस शावक का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। उसे दूध आदि दिया जा रहा है। इस शावक की चौबीसो घंटे निगरानी की जा रही है। फिलहाल शावक ठीक है और चहलकदमी भी कर रहा है।
