अमरोहा: जानलेवा बुखार से दो महिलाओं की मौत, सहमे लोग
अमरोहा/हसनपुर/गजरौला, अमृत विचार। जनपद में बुखार जमकर कहर बरपा रहा है। जिले के कई गांवों में तमाम लोग बुखार की वजह से जान गंवा चुके हैं। अभी भी बड़ी संख्या में लोग बुखार से तप रहे हैं। जिले के गांव खादगुर्जर, रझौंहा, नाजरपुर, गाजरपुर आदि की स्थिति बेहद खराब है। इन गांवों में बुखार से कई लोगों की मौत हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- अमरोहा: समझौता कराने के प्रयास में चौकी प्रभारी लाइन हाजिर, कई दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में फेरबदल
अकेले खादगुर्जर गांव में बुखार अब तक आठ लोगों की जान ले चुका है। रझौंहा के हालात भी कमोबेश ऐसे ही हैं। यहां भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को भी गांव रझौंहा निवासी एक महिला की मेरठ के निजी अस्पताल में मौत हो गई।
जबकि गजरौला के गांव ढकिया निवासी महिला ने उपचार के लिए मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बुखार से लगातार हो रही मौतों से लोगों में दहशत का माहौल है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में बुखार पूरी तरह पैर पसार चुका है। जानलेवा बुखार की चपेट में आकर अब तक क्षेत्र में पांच लोग जान गंवा चुके हैं। क्षेत्र के गांव रझौहा निवासी दशरथ की पत्नी 40 वर्षीया कुसुम को पांच दिन पहले बुखार आया था। परिजनों ने कुसुम का उपचार नगर के निजी चिकित्सक से कराया।
हालत में सुधार नहीं होने पर शुक्रवार की शाम परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ ले गए। रविवार सुबह उपचार के दौरान मेरठ में कुसुम की मृत्यु हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही महिला के परिवार में कोहराम मच गया। मां की मौत के बाद कुसुम की बेटी और बेटे के सिर से मां का आंचल हमेशा के लिए छिन गया।
भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर गजरौला क्षेत्र में भी बुखार से पीड़ित एक और महिला की मौत हो गई। इसके बाद क्षेत्र में बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। क्षेत्र के गांव खाद गुर्जर में ही बुखार से आठ लोगों की मौत हो चुकी है। क्षेत्र के गांव ढकिया निवासी राजवीर सिंह की पत्नी 27 वर्षीया कंचन देवी कई दिन से बुखार की चपेट में थीं। उनका गजरौला के निजी चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था।
रविवार की सुबह चार बजे हालत ज्यादा बिगड़ने पर चिकित्सक ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे मेरठ ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही कंचन ने दम तोड़ दिया। लगातार हो रही मौत से लोगों में दहशत व्याप्त है। वहीं सरकारी अस्पताल के साथ निजी अस्पतालों में भी बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ लगी है। चिकित्साधीक्षक डा.योगेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से लोगों को वायरल परेशान कर रहा है। इस समय लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- अमरोहा: बुखार से दो लोगों की मौत, गांव में दहशत
