बरेली: युवक को पीटने व बाइक में तोड़फोड़ करने वाला सिपाही लाइन हाजिर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चेकिंग के दौरान बाइक सवार को रोककर मारपीट व बाइक तोड़ने वाले सिपाही को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। वायरल हुए वीडियो की जांच सीओ प्रथम को सौंपी गई है। इस मामले को लेकर कुछ लोगों ने बिहारीपुर चौकी इंचार्ज की एसएसपी से शिकायत की है। आरोप लगाया है कि चौकी …

बरेली, अमृत विचार। चेकिंग के दौरान बाइक सवार को रोककर मारपीट व बाइक तोड़ने वाले सिपाही को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। वायरल हुए वीडियो की जांच सीओ प्रथम को सौंपी गई है। इस मामले को लेकर कुछ लोगों ने बिहारीपुर चौकी इंचार्ज की एसएसपी से शिकायत की है। आरोप लगाया है कि चौकी इंचार्ज आम जनता से अभद्र भाषा में बात करते हैं।

मंगलवार को बिहारीपुर चौकी से कुछ दूरी पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक सिपाही ने बाइक सवार को रोका और उसके हेलमेट पर डंडा मारा। यही नहीं चालान करने के बजाय सिपाही ने युवक की बाइक में डंडे से तोड़फोड़ शुरू कर दी।

पुलिस की इस करतूत की वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सपाइयों ने मंगलवार को एडीजी से मिलकर इस घटना की शिकायत की थी। वीडियो वायरल होने पर एसएसपी रोहित सजवान ने इसकी जांच सीओ सिटी को सौंप दी।

बुधवार को एसएसपी ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ सिटी प्रथम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले को लेकर बुधवार को बजरंगी लाल जनकल्याण सेवा समिति ने एसएसपी से चौकी इंचार्ज की भूमिका की जांच करने की मांग की है।

घटना के दौरान चौकी इंचार्ज भी मौके पर खड़े थे। चौकी इंचार्ज के सामने ही पूरी घटना हुई। समिति ने ये भी आरोप लगाया है कि चौकी इंचार्ज अक्सर लोगों से अभद्र व्यवहार करते हैं।

संबंधित समाचार