बरेली: विवादों में घिरी रुविवि की प्रवेश प्रक्रिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर की प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार को पूरी होने के साथ ही विवादों में भी घिर गई है। बरेली कॉलेज, रानी अवंतीबाई कॉलेज समेत कई कॉलेजों में एडमिशन लेने वाले अभ्यर्थियों के फार्म रिजेक्ट कर दिए गए हैं, जबकि इसकी सूचना न …

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर की प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार को पूरी होने के साथ ही विवादों में भी घिर गई है। बरेली कॉलेज, रानी अवंतीबाई कॉलेज समेत कई कॉलेजों में एडमिशन लेने वाले अभ्यर्थियों के फार्म रिजेक्ट कर दिए गए हैं, जबकि इसकी सूचना न कॉलेजों को दी गई और न अभ्यर्थियों को। अब परेशान अभ्यर्थी एडमिशन के लिए चक्कर काट रहे हैं, जबकि वे कॉलेजों में फीस भी जमा कर चुके हैं।

फीस जमा करने के बाद रुविवि ने रिजेक्ट कर दिए 16 फार्म
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर (बीए, बीएससी, बीकॉम) की प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत 28 अगस्त तक पंजीकरण कराए गए थे, जिसमें 1.44 लाख परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें बरेली कॉलेज में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने एडमिशन प्रक्रिया पूरी की थी।

प्रवेश प्रक्रिया 3 से 15 सितंबर तक जारी रही। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान रुविवि में मिले यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रेशन नंबर (यूआरएन) के आधार पर छात्र-छात्राओं ने बरेली कॉलेज की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया और मेरिट सूची में आने पर फीस जमा कर दी लेकिन 16 छात्र-छात्राओं की सीट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर लॉक नहीं हो रही है, बाद में रुविवि ने उन 16 छात्र-छात्राओं के फार्म रिजेक्ट कर दिया।

तर्क यह दिया कि उनके फार्म रिजेक्ट करने की सूचना छात्र-छात्राओं को भेज दी गई। वहीं, छात्र-छात्राओं ने बरेली कॉलेज के प्राचार्य को बताया कि उन लोगों को इस बाबत कोई जानकारी नहीं दी गई। रिजेक्ट किए गए 16 छात्र-छात्राओं के एडमिशन को लेकर बरेली कॉलेज के प्राचार्य डा. अनुराग मोहन से रुविवि प्रशासन से मिले।

प्राचार्य डा. भटनागर ने बताया कि इन 16 अभ्यर्थियों के फार्म रिजेक्ट करने की सूचना बरेली कॉलेज को नहीं दी गई। अगर सूचना दी होती तो इन अभ्यर्थियों की फीस जमा नहीं कराई जाती। कॉलेज स्तर से एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रुविवि उनकी सीट लॉक नहीं कर रहा है। रुविवि प्रशासन ने इस मामले का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया है।

57 अभ्यर्थियों की सीटें अन्य महाविद्यालयों ने लॉक कीं
बरेली कॉलेज में एडमिशन लेने वाले 57 अभ्यर्थियों की सीटें अन्य महाविद्यालयों ने लॉक कर दी हैं। ऐसे में उनके एडमिशन भी नहीं हो पा रहे हैं। इस बारे में बरेली कॉलेज प्रशासन ने रुविवि को अवगत करा दिया है लेकिन अभी तक उनके एडमिशन नहीं हो पाए हैं। परेशान छात्र-छात्राएं बरेली कॉलेज से रुहेलखंड विश्वविद्यालय तक दौड़ लगा रहे हैं लेकिन उनकी समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।

28 अगस्त के बाद रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थी भी परेशान
रुविवि ने स्नातक स्तर पर प्रथम चरण के बीए, बीएससी और बीकॉम के पंजीकरण प्रक्रिया 28 अगस्त के बाद बंद कर दी थी लेकिन बीएससी नर्सिंग के रजिस्ट्रेशन के लिए साइट खुली रही। इसमें बरेली कॉलेज के 30 अभ्यर्थियों और वीरांगना रानी अवंतीबाई महिला महाविद्यालय की तीन छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन करा दिया। यूआरएन नंबर मिलने की वजह से बरेली कॉलेज और रानी अवंतीबाई कॉलेज में उनकी फीस भी जमा हो गई लेकिन अब उनके एडमिशन नहीं हो पा रहे हैं।

“बरेली कॉलेज के 16 अभ्यर्थियों के एडमिशन को लेकर अभी निर्णय नहीं हुआ है। कुल सचिव से विमर्श करने के बाद ही इस पर स्पष्ट कहा जा सकता है। अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए रुविवि प्रशासन निर्णय लेगा।” –डा. अमित कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी, रुहेलखंड विश्वविद्यालय

संबंधित समाचार