Israel-Palestine War : बीएचयू के छात्रों ने इजराइल का किया समर्थन, AMU प्रशासन का सिंहद्वार पर जलाया पुतला
वाराणसी, अमृत विचार। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रों ने मंगलवार को इजराइल के समर्थन में जमकर नारे लगाये। इस दौरान छात्रों ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी प्रशासन का पुतला भी जलाया। दरअसल, रविवार शाम को फिलिस्तीन के समर्थन में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों ने कैंपस में पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन और अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाए थे। जिसको लेकर बीएचयू के छात्रों ने नाराजगी जताते हुए बीएचयू सिंहद्वार पर AMU प्रशासन का पुतला दहन किया।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र विवेक सिंह ने कहा कि AMU प्रशासन का हमने पुतला दहन किया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों ने फिलिस्तीन के समर्थन किया और विश्वविद्यालय में मार्च भी निकाल था। उन्होंने कहा हम सभी काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र अपने मित्र राष्ट्र इजरायल के साथ खड़े हैं।

बीएचयू के छात्र देवांश शुक्ला ने कहा AMU में जिस तरह से छात्र लगातार कार्य कर रहे हैं वह काफी निंदनीय है। आज हम सभी छात्रों ने मिलकर AMU प्रशासन का पुतला फूंकते हुए विरोध किया है। अपने मित्र राष्ट्र इजरायल का पूर्ण समर्थन करते हुए बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हैं कि जल्द वहां सब कुछ शांत हो जाए।
