Hamirpur: कानपुर पुलिस गैंगस्टर के सजायाफ्ता बंदी को लेकर आई कोर्ट, अदालत के शौचालय में पी ली डाई, पढ़ें- पूरी खबर
हमीरपुर की अदालत के शौचालय में सजायाफ्ता बंदी ने पी डाई।
हमीरपुर की अदालत के शौचालय में सजायाफ्ता बंदी ने डाई पी ली। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस गैंगस्टर कोर्ट पेशी पर सजायाफ्ता को लेकर आई थी।
हमीरपुर, अमृत विचार। सराफा दुकानदार की हत्या में कानपुर की जिला कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे बांदा जनपद के गोयरा मुगली गांव निवासी शातिर अपराधी ने मंगलवार को हमीरपुर की अदालत के शौचालय में हेयर डाई पी ली। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने कैदी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल हालत में सुधार के बावजूद उसके अच्छे इलाज को लेकर कानपुर हैलट भेजा गया है।
पिछले 24 दिसंबर 2012 को जनपद बांदा के मटौंध थाना के गोयरा मुगली गांव निवासी लाला सफात ने मौदहा कस्बे में एक सराफा की हत्या कर दी गई थी। हत्या के मामले में अदालत ने इसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तीन साल तक जनपद कारागार में बंद रहने के बाद सजायाफ्ता लाला को कानपुर जिला कारागार भेजा गया था। मौजूदा समय में सजायाफ्ता कानपुर जेल में आठ साल से निरुद्ध है।
इसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी चल रही है। जिसमें इसकी मंगलवार को अदालत में पेशी थी। सुबह कानपुर कमिश्नरेट पुलिस सजायाफ्ता लाला को लेकर शहर स्थित गैंगस्टर कोर्ट लाई थी। लाला सफात ने बताया कि पिछली बार वह जब पेशी में महोबा गया था तो चालक ने घाटमपुर के पास एक एक्सीटेंड कर दिया था। जिसमें एक युवक घायल हो गया था।
मंगलवार को जब वह कानपुर से चला तो उसने चालक से गाड़ी धीमी चलाने की बात कही। इस बात पर चालक कुछ नहीं बोला, लेकिन सुरक्षा में लगे दरोगा शिवचरन ने गाड़ी के अंदर ही मारपीट करना शुरू कर दी। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। घाटमपुर में पानी पीने के बहाने उसने गाड़ी रुकवाई और उसी दौरान एक दुकान से डाई लेकर जेब में रख ली और न्यायालय में पेशी के बाद शौचालय के अंदर जाकर पी ली।
