प्रधानमंत्री मोदी का 70वां जन्मदिन, इन हस्तियों ने दिये शुभकामना संदेश
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा सप्ताह के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री के 70 वें जन्मदिन पर उन्हे राजनीतिक और गैरराजनीतिक गलियारों से बधाई संदेश भी मिल रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्म दिन पर बधाई दी। एक ट्वीट …
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा सप्ताह के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री के 70 वें जन्मदिन पर उन्हे राजनीतिक और गैरराजनीतिक गलियारों से बधाई संदेश भी मिल रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्म दिन पर बधाई दी। एक ट्वीट में राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी को जन्म दिन की बधाई। राहुल गांधी ने इस मौके पर देश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर हमला भी बोला। उन्होंने कहा, बड़े पैमाने पर बोरोजगारी ने युवाओं को आज #unemployment day मनाने पर मजबूर कर दिया है। किसी भी व्यक्ति के लिए रोजगार एक स्वाभिमान होता है। सरकार कब तक इससे मुंह छिपाते फिरेगी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70 वें जन्मदिन पर गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। शाह ने उन्हें राष्ट्र सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित देश का सर्वप्रिय नेता बताया है। कहा है कि उन्होंने मजबूत भारत बनाने के लिए जीवन का क्षण-क्षण खपा दिया। अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जारी संदेश में कहा, राष्ट्रसेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित देश के सर्वप्रिय नेता प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मोदी जी के रूप में देश को एक ऐसा नेतृत्व मिला है जिसने लोक-कल्याणकारी नीतियों से वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा और एक मजबूत भारत की नींव रखी।
उन्होंने कहा, एक मजबूत, सुरक्षित, आत्मनिर्भर भारत के लिए अपने जीवन का क्षण-क्षण खपा देने वाले ऐसे महान नेता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मां भारती की सेवा करने का अवसर मिलना बहुत ही सौभाग्य की बात है। मैं देश के करोड़ों लोगों के साथ मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य और दीघार्यु होने की कामना करता हूं।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दशकों से अपने अधिकारों से वंचित देश के गरीबों को घर, बिजली, बैंक खाता और शौचालय देना हो या उज्जवला योजना से गरीब माताओं के घर गैस पहुंचाकर उन्हें सम्मानपूर्ण जीवन देना हो, यह सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी के अटूट संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति से ही सम्भव हो पाया है।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 70वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। दत्तात्रेय ने कहा कि प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण, अथक प्रयास और मजबूत नेतृत्व ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में मदद की है और राष्ट्र अपने पिछले गौरव को प्राप्त करेगा।
प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए, दत्तात्रेय ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और विश्व शक्ति बनाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रयास और दृढ़ संकल्प हमारे लिए एक प्रेरणा हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर ने एक बयान में कहा कि इस देश को प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर करने के लिए प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का होना देश के लिए सौभाग्य की बात है।
