पीडब्लूडी ने दी नोटिस : जैसी थी वैसी बना कर दिखाओ सड़क..
सोहावल के बिसौली में सड़क खोद कर पाइप लाइन बिछाने का मामला
बड़ागांव/ अयोध्या, अमृत विचार। सोहावल विकास खण्ड के बिसौली गांव में जल जीवन मिशन के तहत सड़क खोद कर पाइप लाइन बिछाने का मामला तूल पकड़ गया है। पीडब्लूडी ने जल निगम को नोटिस देते हुए कहा है कि सड़क जैसी थी वैसी बना कर दिखाओ। पीडब्लूडी ने निर्माण कार्य को भी मानक के विपरीत करार दिया है। अब इसे लेकर जल निगम और ठेकेदार सांसत में फंसे हुए हैं।
हर घर जल योजना के तहत बिसौली गांव में पाइप लाइन डाली जा रही है। बीते दिनों ठेकेदार ने लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क को तहस - नहस करते हुए तोड़ फोड़ कर पाइप लाइन बिछा दी। बड़ागांव से बिसौली होते हुए करूरु तक गई सीसी सड़क आधे से अधिक क्षतिग्रस्त हो गई। इतना ही नहीं पटाई और मरम्मत किए बगैर अधूरा छोड़ ठेकेदार निकल गया।
ग्रामीण कमलेश सिंह, पूर्व प्रधान राजेन्द्र गोस्वामी, उमाशंकर ने इसकी शिकायत पीडब्लूडी से की। शिकायत पर जांच के लिए जब मौके पर पीडब्लूडी अवर अभियंता महातम सिंह पहुंचे तो दंग रह गए। मौके पर उन्हें सड़क तहस नहस मिली। इसे लेकर उन्होंने जेई जल निगम और ठेकेदार को नोटिस दी कि सड़क जैसी थी वैसी नहीं बनी तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण पूरी तरह मानक के विपरीत हुआ है और प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत निर्मित रोड बेकार हो गई है। बताया कि यदि सड़क दुरुस्त नहीं की जाती तो संबधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि उच्चाधिकारियों को भी रिपोर्ट भेज दी गई है।
