देवरिया कांड: जब तक आरोपियों का घर ध्वस्त नहीं हो जाता, तब तक मैं अपना ब्रह्मभोज नहीं करूंगा" मृतक सत्यप्रकाश दुबे के बेटे का ऐलान
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया में 2 अक्टूबर को हुए नरसंहार मामले में दोनों परिवारों की तरफ से न्याय की मांग की जा रही है। बता दें कि इस घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई थी। अब इस मामले में मृतक सत्यप्रकाश दुबे के जिंदा बचे बेटे देवेश लगातार सरकार से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। देवेश दुबे मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब तक प्रेमचंद यादव के मकान को बुलडोजर से गिराया नहीं जाएगा तब तक वो ब्रह्मभोज भी नहीं करेंगे।
देवेश दुबे ने ऐलान करते हुए कहा, "जिसने भी हमारे मां-बाप को, हमारे पूरे परिवार का नरसंहार किया गया है उसे फांसी हो, उनका एनकाउंटर हो। जिसने हमारे भाई और बहन को मारा है। उनका तो सबसे पहले घर ध्वस्त होना चाहिए।" देवेश ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, "जब तक प्रेमचंद यादव का घर और दूसरे आरोपियों का घर ध्वस्त नहीं हो जाता है तब तक मैं अपना ब्रह्मभोज नहीं करूंगा।"
इस दौरान मृतक दूबे के बेटे ने आरोप लगाते हुए कहा, "इस मामले में अब तक पूरे तरीके से कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस घटना को दस दिन हो चुके हैं। अगर ऐसी घटना प्रशासन के साथ होती तो क्या वो चुप बैठते या किसी ओर के साथ होती तो क्या चुप बैठते। आज दस दिन हो गए। इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई कर देनी चाहिए, लेकिन हमें सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है कि कार्रवाई होगी। हो सकता है कि हम लोग ब्रह्मभोज करके हट जाए तो कार्रवाई रुक जाए।"
यह भी पढ़ें:- एटा: होटल व्यापारी पर जानलेवा हमले के बाद लूट से फैली सनसनी
